जैसे-जैसे अप्रैल का महीना आगे खिसक रहा है वैसे-वैसे मध्य प्रदेश में गर्मी का असर भी तेज होता जा रहा है। वर्तमान में कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। रविवार (19 अप्रैल 2026) को छतरपुर जिले के नौगांव में सबसे ज्यादा 44.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बीते दिन मंडला,खजुराहो,दतिया, उमरिया, सतना, दमोह में तापमान 43 डिग्री और नर्मदापुरम, सीधी, सागर, मलाजखंड, रीवा, धार, टीकमगढ़ और श्योपुर में 42 डिग्री के आसपास रहा। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 42.4 डिग्री, जबलपुर में 42.5 डिग्री,, भोपाल में 41.8 डिग्री, उज्जैन में 41.4 डिग्री और इंदौर में 40.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
इसके अलावा निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में गर्म हवाएं चली। खरगोन, खंडवा, हरदा, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बादल छाए रहे। सोमवार (20 अप्रैल 2026) के लिए निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, कटनी, उमरिया, मंडला और छतरपुर जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण का प्रभाव बना हुआ है। उत्तर भारत के ऊपर, माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊंचाई पर लगभग 148 किमी/घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल 2026 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके असर से आने वाले दिनों में कुछ जिलों में तापमान 45 °C तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं हीट वेव का भी असर तेज रहेगा।
MP WEATHER FORECAST REPORT







