नेपाल में आई भीषण बाढ़ आपदा के संकट में फंसे मध्यप्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए राज्य सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाया है। सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए राज्य सरकार ने नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
इसके जरिए नेपाल प्रशासन और राहत एजेंसियों के साथ समन्वय कर प्रभावितों को हर जरूरी मदद मुहैया कराई जाएगी। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से दी है।
नेपाल यात्रा या धार्मिक दर्शन पर गए राज्य के नागरिक अथवा उनके चिंतित परिजन किसी भी आपात स्थिति, जरूरी जानकारी और सहायता के लिए कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर, व्हाट्सएप्प या ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। कंट्रोल रूम के जरिए बाढ़ में फंसे यात्रियों की लोकेशन ट्रैकिंग और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने संबंधित सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
- हेल्पलाइन नंबर (Helpline): 011-26772005
- व्हाट्सएप नंबर (WhatsApp): 9818963273
- ई-मेल (Email): recp1mpbhawan@mp.gov.in
बता दें कि बुधवार, 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर अचानक बाढ़ आ गई। इसमें 180 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। हालांकि 200 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है लेकिन अब भी करीब 1000 से 1200 लोग लापता हैं, इनमें कई भारतीय भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुल और ब्रिज बहने से कई इलाकों का संपर्क बाधित हो गया है। इधर, नेपाल की भोटेकोशी नदी में अचानक आए तेज जलप्रवाह और बाढ़ के बाद यूपी और बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है। गंडक नदी के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।






