MP Weather: पश्चिमी हिस्से में 2 दिन गिरेगा पानी, आज इंदौर-उज्जैन समेत 21 जिलों में बारिश की संभावना, 24 अक्टूबर से दिखेगा मौसम में बदलाव

MP Weather Update Today: पश्चिमी हिस्से में दो दिन बारिश का दौर, आज 21 जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा, तापमान गिरने से रात में बढ़ रही ठंड, 24 अक्टूबर से मौसम होगा साफ
MP Weather

अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मध्य प्रदेश में अक्टूबर महीने में दिन में गर्मी, रात में ठंडक के साथ बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार (दशहरा, 20 अक्टूबर) को इंदौर, रतलाम, खरगोन, खंडवा, देवास, सीहोर, सागर और हरदा में बादल छाए रहें और हल्की बारिश हुई। बुधवार, 21 अक्टूबर को भी 21 जिलों बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज इंदौर, उज्जैन, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, धार, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक, वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण और अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है जिसके प्रभाव से पश्चिमी, दक्षिण और मध्यक्षेत्र के जिलों में बादल-बारिश की स्थिति बन रही है लेकिन अब पूर्व क्षेत्र में कम प्रभाव देखने को मिल रहा है।  इसके अलावा अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के बुधवार पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर और 22 अक्टूबर को सोमालिया तट की ओर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।

साथ ही ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के भी आज उत्तर अंडमान सागर में पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ेगा और इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर 2026 को आंध्रप्रदेश दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने के भी संकेत है। इन सभी मौसम प्रणालियों के असर से 23 अक्टूबर तक बादल-बारिश की स्थिति बनी रहेगी, लेकिन 24 अक्टूबर से मौसम साफ होने लगेगा।

इस साल मानसून सीजन में 95.9% बारिश हुई

गौरतलब है कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 जून से 3 अक्टूबर 2026 यानि 100 दिन मध्य प्रदेश में सक्रिय रहा। इस अवधि में 908.4 मिलीमीटर यानी 35.8 इंच (95.9%) बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि इस पूरे सीजन में सामान्य बारिश 37.3 इंच (949.5 मिलीमीटर ) होनी चाहिए थी।

इन आंकड़ों के हिसाब से इस साल प्रदेश में करीब 4% यानि 1.5 इंच बारिश कम हुई। प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो गया लेकिन 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।  राहत की बात ये है कि पूर्वी हिस्से में 4% ज्यादा पानी गिरा, लेकिन पश्चिमी हिस्से में औसत से 12% कम बारिश हुई। आलीराजपुर बारिश के मामले में सबसे पीछे रहा। निवाड़ी और मऊगंज में सामान्य से 150% से ज्यादा बारिश दर्ज हुई।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews
MP Weather: पश्चिमी हिस्से में 2 दिन गिरेगा पानी, आज इंदौर-उज्जैन समेत 21 जिलों में बारिश की संभावना, 24 अक्टूबर से दिखेगा मौसम में बदलाव - MP Breaking News