रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) इटारसी/भोपाल मंडल, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, राजस्व प्रशासन तथा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार, 19 जुलाई 2026 को रेलवे में भोजन आपूर्ति करने वाले विभिन्न बेस किचनों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी एवं खराब गुणवत्ता की खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई तथा गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एक बेस किचन को सील कर दिया गया।
कार्रवाई में तहसीलदार,खाद्य सुरक्षा अधिकारी, आरपीएफ रही मौजूद
संयुक्त टीम ने राहुल इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, अतुल अवस्थी प्राइवेट लिमिटेड एवं होटल धर्मराज प्राइवेट लिमिटेड के बेस किचनों का गहन निरीक्षण किया। इस कार्रवाई में तहसीलदार इटारसी सुनीता साहनी, एसडीएम नीलेश शर्मा, एडीएम के.के. शुक्ला, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावार, निरीक्षक जितेंद्र सहीराना (नर्मदापुरम) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आरपीएफ इटारसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
लिये सैम्पल, अनुपयोगी सामग्री को नियमानुसार नष्ट कराया
निरीक्षण के दौरान ब्रेड एवं मसालों के एक्सपायरी पैकेट, खुले खाद्य पदार्थ, समोसे, आलू, गोभी, चावल, सब्जियां, प्रयुक्त कुकिंग ऑयल तथा अन्य खाद्य सामग्री की सघन जांच की गई। एक्सपायरी एवं खराब गुणवत्ता की खाद्य सामग्री के नमूने परीक्षण हेतु एकत्रित किए गए तथा अनुपयोगी सामग्री को नियमानुसार नष्ट कराया गया। संयुक्त निरीक्षण के दौरान होटल धर्मराज प्राइवेट लिमिटेड के बेस किचन में आवश्यक वैध खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार बेस किचन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
दी चेतावनी
रेलवे प्रशासन एवं संबंधित विभागों ने स्पष्ट किया है कि रेलवे यात्रियों के स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। रेलवे में भोजन उपलब्ध कराने वाले सभी बेस किचनों एवं कैटरिंग इकाइयों का समय-समय पर संयुक्त निरीक्षण जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य रेलवे यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।





