वीडी शर्मा की नई टीम पर सस्पेंस, देरी ने बढ़ाई धड़कनें

वीडी शर्मा की नई टीम पर सस्पेंस, देरी ने बढ़ाई धड़कनें

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट
उपचुनाव (BY-election) से पहले भाजपा (BJP) का फोकस संगठन की मजबूती पर है| प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा (VD Sharma) नई टीम बनाने की तैयारी कर रहे हैं| लेकिन इसमें लगातार हो रही देरी सवाल खड़े कर रही है| सूत्र बताते है कि कुछ पदों पर सत्ता और संगठन के बीच सहमति नहीं बन पाने से भाजपा कार्यकारिणी की घोषणा नहीं हो पा रही है। बताया जा रहा है कि पुरानी टीम का कोई भी पदाधिकारी फिलहाल संगठन कार्य में सक्रिय नहीं है। सभी इंतजार में हैं कि नई टीम में किसे मौका मिलता है। देरी के चलते उन नेताओं की धड़कनें तेज हो गई हैं|

वीडी शर्मा की टीम में सांसद-विधायकों के साथ नए चेहरों को भी मौका मिल सकता है। पुरानी टीम से कुछ लोगों के पद बदलने और कुछ को बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक शर्मा की कार्यकारिणी की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जा चुकी है, पर कुछ पदाधिकारियों के नाम पर असहमति के कारण अब तक घोषणा नहीं हो सकी है। जिस तरह मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों के बंटवारे में देरी हुई, अब ऐसी ही देरी वीडी शर्मा की नई टीम के गठन में हो रही है|

इधर सवाल यह भी है कि क्या कांग्रेस छोड़ भाजपा में आये सिंधिया समर्थकों को भी इस टीम में शामिल किया जाएगा| बताया जा रहा है कि इस बार टीम के गठन में खींचतान ज्यादा है क्योंकि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के साथ सभी पक्षों को साधना है। प्रदेश अध्यक्ष बड़े पैमाने पर बदलाव कर सकते हैं| विधानसभा की 27 सीटों के उपचुनाव को देखते हुए भाजपा जातिगत और भौगोलिक संतुलन के साथ-साथ गुटीय संतुलन भी साधने की कोशिश कर रही है। कई नाम व पदों पर सत्ता-संगठन और हाईकमान में असहमति से भी मामला अटका हुआ है। शर्मा ने भी जल्द टीम घोषित करने का एलान किया था, लेकिन इसके बाद भी घोषणा नहीं हो सकी|

राकेश ने भी नहीं बदली टीम
प्रदेश भाजपा की मौजूदा टीम पिछले चार साल से अधिक समय से काम कर रही है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने 2016 में जो कार्यकारिणी बनाई थी, अब तक वही चल रही है। 2018 में प्रदेशाध्यक्ष बनाए गए राकेश सिंह ने भी इस टीम में कोई बदलाव नहीं किए थे। माना जा रहा है कि वीडी शर्मा अपनी टीम में युवाओं को अधिक मौक़ा दे सकते हैं|

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews