भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) द्वारा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “भारत गौरव पर्यटक ट्रेन” का संचालन किया जा रहा है। इस विशेष पर्यटन पैकेज के अंतर्गत श्रद्धालुओं को ज्योतिर्लिंग दर्शन के साथ-साथ द्वारकाधीश मंदिर एवं प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर प्राप्त होगा। यह ट्रेन 11 जुलाई 2026 को रीवा स्टेशन से रवाना होगी तथा पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के विभिन्न स्टेशनों से भी यात्री इस यात्रा में शामिल हो सकेंगे।
प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन
यात्रा के दौरान ट्रेन सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, भोपाल, शुजालपुर एवं उज्जैन सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरेगी, जहां से श्रद्धालु ट्रेन में सवार होकर अपनी आध्यात्मिक यात्रा प्रारंभ कर सकते हैं। इस विशेष यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं को द्वारका, सोमनाथ, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं ओंकारेश्वर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा अवधि लगभग 10 रात एवं 11 दिन की होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए
आईआरसीटीसी द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा पैकेज में रेल यात्रा, आवास, भोजन, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा तथा टूर एस्कॉर्ट जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं। विभिन्न श्रेणियों में यात्रा हेतु आकर्षक पैकेज उपलब्ध हैं, जिससे अधिकाधिक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक यात्रा का लाभ उठा सकें। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की पर्यटन वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं अथवा अधिक जानकारी के लिए संबंधित रेलवे स्टेशनों एवं आईआरसीटीसी कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं।





