भोपाल में दिनदहाड़े व्यापारी से हुई लूट, बदमाशों की तलाश कर रही पुलिस

भोपाल में दिनदहाड़े व्यापारी से हुई लूट, बदमाशों की तलाश कर रही पुलिस

Bhopal Crime News: भोपाल के नजीराबाद में बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर पर हमला कर दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। मौके पर पहुंचे तीन बदमाशों ने व्यापारी पर डंडे और फरसे से हमला कर दिया और 96 हजार रुपए लूट कर फरार हो गए। इस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने सीहोर में एक बाइक सवार से लूट का प्रयास भी किया।

बदमाशों के हमले से व्यापारी को चोट आई है और यह जानकारी भी सामने आई है कि जाते समय एक बदमाश ने व्यापारी को अपना नाम डॉन गब्बर गुर्जर बताया है। बता दें कि गुर्जर दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहा है। हमले में शामिल अन्य दो आरोपियों के फोटो और वीडियो भी पुलिस ने जारी किए हैं लेकिन अब तक इनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक हिनोतिया गांव के पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी ने हाल ही में बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई की दुकान शुरू की है। दुकान पर सीमेंट आने वाली थी जिसका पेमेंट करने के लिए व्यापारी ने अपने पास 96 हजार 500 रुपए रखे हुए थे। दोपहर 12 बजे के करीब वो अपनी दुकान के सामने खड़े थे उसी समय तीन बदमाश मौके पर पहुंचे और पुष्पेंद्र पर फरसे से वार कर दिया। व्यापारी ने बचने की कोशिश की तो दूसरे युवक ने डंडे बरसा दिए और मौका देखकर तीसरे युवक ने गल्ले में रखें पैसे पर हाथ साफ कर दिया। घटना को अंजाम देते ही यह तीनों मौके से भाग निकले।

बाइक लूटने का किया प्रयास

व्यापारी के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद यह तीनों बदमाश सीहोर की तरफ भाग गए थे। रास्ते में इन्होंने एक बाइक सवार पर पिस्टल से फायर कर लूट का प्रयास किया लेकिन यह सफल नहीं हो सके। भागते समय एक बदमाश ने अपना नाम बताया है जो हिस्ट्रीशीटर लिस्ट में शामिल है। पुलिस जब उसकी तलाश में घर पहुंची तो वह मौके पर नहीं था। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती यह पता लगाना मुश्किल होगा कि यह वही हिस्ट्रीशीटर बदमाश था या उसे फंसाने के लिए किसी अन्य बदमाश ने नाम का इस्तेमाल किया है। पुलिस ने लूटपाट का केस दर्ज कर लिया है और दो बदमाशों के फोटो जारी कर सर्चिंग शुरू कर दी है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews