चोट के कारण उमा भारती की हिमालय यात्रा टली, बीजेपी स्टार प्रचारकों की सूची में नाम न होने को लेकर कही ये बड़ी बात

Uma Bharti

MP Election 2023/ Uma Bharti : उमा भारती ने कहा है कि बीजेपी की स्टार प्रचारक की सूची में नाम नहीं होने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। अब वे भोपाल में अपने आवास से ही वीडियो या ज़ूम के माध्यम से चुनाव प्रचार करेंगीं। दरअसल हिमालय के लिए निकलीं उमा भारती को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा है। भोपाल से टीकमगढ़ जाते समय ललितपुर में शताब्दी से उतरते हुए उनके पैर में चोट लग गई थी। इसके बाद ये तकलीफ बढ़ गई और अब डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्होने अपनी हिमालय यात्रा स्थगित कर दी है। भोपाल वापसी की घोषणा के साथ उन्होने एक्स पर लिखा है कि वो अब अपने घर से ही चुनाव प्रचार करेंगी।

उमा भारती ने किया ट्वीट

बीजेपी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने एक्स पर लिखा है कि “ललितपुर रेलवे स्टेशन पे बायें पैर में लगी चोट बड़ा नुक़सान कर गई है। 28 तारीख़ से कल तक फ़िज़ियोंथेरोपी झाँसी में चली । सुधार ना होते देख कल फ़िर झाँसी में ही एमआरआई हुई। माननीय डॉक्टरों के निर्देश से भोपाल वापिस लौट रही हूँ। लगभग 3 महीने तक चिकित्सा, फ़िज़ियोंथेरोपी, दवाई, बेड रेस्ट को मिलाकर के अब ठीक होने में लंबा समय लगेगा। 30 तारीख़ से हिमालय बद्री केदार रहकर 7 तारीख़ को भोपाल वापिस लौटना था।”

“स्टार प्रचारक की सूची में नाम नहीं होने से मुझे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ा क्यूँकि हमारे सभी उम्मीदवार एवं पार्टी के सभी कार्यकर्ता ही असली स्टार हैं। वैसे भी शिवराज जी को मैंने अपना चुनाव प्रचार से सम्बन्धित अधिकार दे रखा है। बहुत जगहों से मुझे उम्मीदवारों ने स्वयं संपर्क किया, इसकी सूचना मैंने वी डी शर्मा जी एवं शिवराज जी को दे दी। दीपावली जैसे कुछ दिनों को छोड़कर 7 तारीख़ से 15 तारीख़ के बीच में मैं चुनाव प्रचार में जाने वाली थी। उसका तरीक़ा मैंने वी डी शर्मा जी पर छोड़ दिया था। कल की एमआरआई रिर्पोट के बाद भोपाल के अपने आवास से अब जितना सम्भव हो सकेगा, वीडिओ या ज़ूम के ज़रिये मैं चुनाव प्रचार में भाग लूँगी। इस चुनाव में तो लगता है की मेरे शौर्य को बार बार परखने के बाद मेरा धैर्य एवं मेरी निष्ठा को भी ईश्वर परखना चाहता है । मुझे आशीर्वाद दीजिये की बेड रेस्ट में भी मैं उस ईश्वरीय परीक्षा में अच्छे नंबर से पास हो जाऊँ।”

इस तरह करेंगीं चुनाव प्रचार

बता दें कि 26 अक्टूबर को उमा भारती अपने जन्म स्थान ग्राम डूंडा, जिला टीकमगढ़ के लिए निकली थीं और इसके बाद ओरछा रामराजा सरकार के दर्शन करते हुए उन्हें हिमालय जाना था। वे कुछ दिन हिमालय में बद्री–केदार के दर्शन करते हुए व्यतीत करना चाहती थीं लेकिन बीच रास्ते में ही चोटिल होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। इस बार मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान कई बार उमा भारती के कुछ ऐसे बयान सामने आए, जिससे उनकी नाराजगी की अटकलें लगाई जाने लगी। अपनी तीर्थ यात्रा से पहले भी उन्होने ट्वीट करते हुए कहा था कि ‘लोगों के जिन सपनों को पूरा करने के लिए हमने कांग्रेस को  20 साल पहले ध्वस्त किया था, वह सपने कितने पूरे हुए उस पर अभी और आत्म चिंतन करूंगी।’

उन्होने लिखा था कि मैं पूरी मेहनत करूंगी एवं भगवान से प्रार्थना भी करती हूं कि हमारी सरकार बने और मेरी और हम सबकी अधूरी रह गई आकांक्षाओं को पूरा करें। वहीं काफी पहले ही वो अपनी हिमालय यात्रा की घोषणा भी कर चुकी थीं और इससे ये कयास भी लगाए जा रहे थे कि वो इस बार चुनाव प्रचार में शामिल नहीं होंगीं। उनका नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भी नहीं है लेकिन उन्होने अब इसे लेकर साफ किया है कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है और अपनी चोट को देखते हुए वे घर से ही जितना संभव होगा, तकनीक के माध्यम से चुनाव प्रचार में शामिल होंगीं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews