MP Breaking News

बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत पर कांग्रेस का हमला, उमंग सिंघार बोले “सरकार जवाबदेही और जिम्मेदारी तय करे”

बैगा बहुल इलाकों में सामने आए घटनाक्रम ने आदिवासी परिवारों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की वास्तविक पहुंच पर सवाल खड़े किए हैं। खासकर बच्चों के लिए शुरुआती स्तर पर जांच, पोषण और समय पर उपचार की व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार सवाल कर रहा है।
Leader of the Opposition Umang Singhar

Umang Singhar

बालाघाट में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर एक बार फिर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को घेरा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि जिले में अब तक 32 बैगा आदिवासी बच्चों की मौत हो चुकी है, बावजूद इसके प्रभावित इलाकों में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई बच्चे अब भी बीमार हैं और कुछ की तबीयत लगातार बिगड़ रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रभावित गांवों में माताएं अपने बच्चों की जिंदगी को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में रोजाना लगभग 60 बीमार बच्चे सामने आ रहे हैं। उन्होंने कुपोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की मौत के बाद भी सरकार और स्वास्थ्य तंत्र इस संकट को संभालने में सफल नहीं हो पाए हैं।

उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा

उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि बच्चों की मौत किन वजहों से हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने यह भी पूछा कि जब बच्चे गंभीर स्थिति से गुजर रहे थे, तब सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था उनकी मदद के लिए कितनी प्रभावी तरीके से पहुंची। कांग्रेस नेता ने कहा कि ये बच्चे सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, बल्कि आदिवासी परिवारों के बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी बचाना सरकार की जिम्मेदारी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में सिर्फ दावे करने की बजाय स्पष्ट जवाब देने, जवाबदेही तय करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

आदिवासी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उठे सवाल

बालाघाट के बैगा बहुल इलाकों में बच्चों की बीमारी और मौत का मामला पिछले कुछ समय से सामने आ रहा है। अगस्त से ही क्षेत्र में बच्चों के बीमार पड़ने और अस्पतालों में भर्ती होने की खबरें सामने आती रही हैं। इसके बाद स्थिति लगातार गंभीर होती गई और विपक्ष बच्चों की मौत का आंकड़ा बढ़ने के आरोप भी लगाता रहा है। प्रभावित इलाकों में बच्चों की बीमारी के पीछे कई कारणों को लेकर जांच हुई है। इनमें खसरा और मलेरिया जैसे संक्रमण के साथ-साथ कुपोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहे हैं। अब कांग्रेस सरकार से मौतों की वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट करने की मांग कर रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews
बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत पर कांग्रेस का हमला, उमंग सिंघार बोले "सरकार जवाबदेही और जिम्मेदारी तय करे"