MP Breaking News

कांग्रेस नेता अभय दुबे ने दीपोत्सव को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना, कहा “प्रधानमंत्री के संकल्प का विरोधाभास”

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तेल की खपत और खर्च का मुद्दा उठाया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि जश्न के साथ बिहार के बाढ़ प्रभावितों और मध्यप्रदेश की हालिया घटनाओं से प्रभावित परिवारों की परेशानियों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
Abhay Dubey

Abhay Dubey

प्रधानमंत्री के संकल्प का हवाला देकर कांग्रेस ने दीपोत्सव को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से खाने के तेल की खपत कम करने का संकल्प दिलाया था, लेकिन अब भाजपा उनके जन्मदिन पर करोड़ों दीपक जलाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के ही संकल्प के विपरीत बताया।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अभय दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मध्यप्रदेश आगमन पर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।

दीपोत्सव को लेकर किए सवाल

अभय दुबे ने कहा कि 11 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से खाने के तेल का उपयोग 10 प्रतिशत कम करने का आह्वान किया था। साथ ही पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने की बात भी कही गई थी। कांग्रेस नेता ने कहा कि अब प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में लगभग 100 करोड़ दीपक जलाने की तैयारी है और भाजपा शासित राज्यों में स्कूलों से लेकर सरकारी संस्थानों तक दीपक जलाने के निर्देश दिए गए हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने तेल की खपत का हिसाब बताते हुए कहा कि यदि एक दीपक में औसतन 15 मिलीलीटर तेल इस्तेमाल होता है तो 100 करोड़ दीपकों के लिए लगभग 1.5 करोड़ लीटर तेल की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि 150 रुपये प्रति लीटर की दर से इसकी कीमत लगभग 225 करोड़ रुपये बैठती है। ऐसे में प्रधानमंत्री के तेल की खपत कम करने के संकल्प और दीपोत्सव की तैयारियों के बीच विरोधाभास दिखाई देता है।

कांग्रेस नेता ने भारत के खाद्य तेल आयात का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि देश हर साल करीब 1.6 से 1.67 करोड़ टन खाद्य तेल आयात करता है और इससे घरेलू मांग का बड़ा हिस्सा पूरा होता है। उन्होंने कहा कि 100 करोड़ दीपक जलाने से करीब 39 हजार टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन हो सकता है।

नितिन नबीन से कही ये बात

अभय दुबे ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मध्यप्रदेश दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अधिक संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने बिहार में बाढ़ से प्रभावित लोगों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां 15 जिलों में लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे में दीपकों के तेल पर खर्च करने के बजाय बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद पर ध्यान दिया जाता तो बेहतर होता।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews
कांग्रेस नेता अभय दुबे ने दीपोत्सव को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना, कहा "प्रधानमंत्री के संकल्प का विरोधाभास"