इंदौर में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर मध्यप्रदेश में सियासी हलचल जारी है। प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कार्यक्रम और सरकारी जमीन के इस्तेमाल से जुड़े शुल्क को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों से संवाद करने आ रहे हैं यह अच्छी बात है लेकिन यदि किसी सरकारी जमीन का इस्तेमाल किया जा रहा है तो उसके लिए निर्धारित शुल्क देना होगा।
विश्वास सारंग ने कहा कि “प्रशासन उनके नेता राहुल गांधी को सुरक्षा प्रदान कर रहा है। यह तारीफ करने की बात है या बुराई करने की बात है? आप यदि किसी सरकारी जमीन का उपयोग कर रहे हैं तो आपको उसका शुल्क देना पड़ेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नकारात्मक बातें करके अपने कार्यक्रम को चर्चा में लाने की कोशिश कर रही है।
क्या है शुल्क से जुड़ा विवाद
इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने इंदौर विकास प्राधिकरण की जमीन अस्थायी लीज पर ली है। जानकारी के मुताबिक, रीजनल पार्क के सामने लगभग 12 हजार वर्गमीटर जमीन के इस्तेमाल की अनुमति 17 से 19 सितंबर तक के लिए दी गई थी। इसके लिए कांग्रेस की ओर से लगभग 10.08 लाख रुपये जमा किए गए थे।
इसके बाद जमीन के एक हिस्से का निर्धारित अवधि से पहले इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। निरीक्षण में लगभग 4,800 वर्गमीटर हिस्से का उपयोग 14 सितंबर से किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद इंदौर विकास प्राधिकरण ने अतिरिक्त तीन दिन के इस्तेमाल के लिए लगभग 4.03 लाख रुपये का शुल्क जमा कराने को कहा। इंदौर विकास प्राधिकरण की ओर से यह भी कहा गया कि तय अवधि के बाद जमीन का इस्तेमाल जारी रखने पर उसके लिए नियमानुसार अलग से शुल्क देना होगा।
विश्वास सारंग ने कहा “शुल्क देना होगा”
इसे लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं के दबाव में कार्रवाई की जा रही है। वहीं, भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकारी जमीन के इस्तेमाल के लिए निर्धारित नियमों के तहत शुल्क लिया जाना स्वाभाविक प्रक्रिया है। इस मुद्दे पर एएनईई से बात करते हुए विश्वास सारंग ने कहा है कि प्रशासन उनके नेता राहुल गांधी को सुरक्षा प्रदान कर रहा है और यदि किसी सरकारी जमीन का उपयोग कर रहे हैं तो आपको उसका शुल्क देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हम भी सरकारी जमीन का उपयोग करते हैं तो शुल्क देते हैं।” विश्वास सारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सिर्फ नकारात्मक बात करके अपना कार्यक्रम हिट करना चाहती है।
#WATCH भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर कहा, "प्रशासन उनके नेता(राहुल गांधी) को सुरक्षा प्रदान कर रहा है। यह तारीफ करने की बात है या बुराई करने की बात है? आप यदि किसी सरकारी जमीन का उपयोग कर रहे हैं तो आपको उसका… pic.twitter.com/x11bxa1bEs
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 18, 2026






