कहां हैं कांग्रेस विधायक डंग, एक घंटे के लिये सोशल मीडिया पर दिखी तस्वीर

कहां हैं कांग्रेस विधायक डंग, एक घंटे के लिये सोशल मीडिया पर दिखी तस्वीर

भोपाल। कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग अपने इस्तीफे के बाद से अब तक कहीं नज़र नहीं आए हैं। पिछले एक हफ्ते से वो गायब हैं और उनकी लोकेशन के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है। उनको मनाने के लिये कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ अब सुवासरा के स्थानीय कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए हैं, लेकिन मनाने की कोशिशों में भी सफलता तभी हासिल होगी जब उनका कोई पता चल पाएगा।

इस बीच कुछ रहस्य और गहरा गए हैं। कहा जा रहा है कि डंग भोपाल में ही कहीं ठहरे हुए हैं। छह मार्च को सोशल मीडिया पर उनका इस्तीफा वायरल हुआ था और उसके बाद उनके भोपाल में होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर सुवासरा के उनके नजदीकी साथी और कांग्रेस सचिव संदीप वर्मा, विवेक फरक्या तथा कुछ और लोग भोपाल पहुंचे। रविवार को विधायक हरदीप सिंह डंग से एक होटल में इनकी मुलाकात भी हुई। उसी दोपहर करीब तीन बजे संदीप वर्मा ने कांग्रेस सुवासरा नाम के वाट्सअप ग्रुप में एक फोटो शेयर किया जिसमें वो और विधायक साथ साथ थे। लेकिन चार बजते बजते संदीप वर्मा ने ये कहकर फोटो डिलीट कर दिया कि ये पुराना फोटो  है और हाल में उनकी विधायक डग से कोई मुलाकात नहीं हुई है।

इस सारे घटनाक्रम से हरदीप सिंह डंग को लेकर संशय और बढ़ गया है। एक तरफ संदीप वर्मा किसी भी मुलाकात से इनकार कर रहे हैं वहीं खबरों के मुताबिक कहा जा रहा है कि अब भी डंग भोपाल में ही हैं। हालांकि वो किसी के सामने नहीं आए हैं और अभी तक विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष उपस्थित होकर अपना इस्तीफा भी नहीं दिया है। नियमों के मुताबिक उन्हें अध्यक्ष को प्रत्यक्ष रूप से इस्तीफा देना होगा। वहीं उनके इतने दिनों से लापता होने के कारण अब उनके घरवालों की चिंता भी बढ़ गई है। लेकिन फिलहाल कांग्रेस की चिंता अधिक बड़ी है, क्योंकि उनके लिये अपना एक एक विधायक बेहद कीमती है और ऐसे में डंग की ये रहस्यमयी चुप्पी उसके लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews