Hindi News

सदन में सीएम नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव पर लगाया पैसा कमाने का गंभीर आरोप, बोले- ‘गड़बड़ करने लगा तो हमने छोड़ दिया’

Written by:Gaurav Sharma
Published:
बिहार विधानसभा में गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सीएम नीतीश ने तेजस्वी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पद मिलने के बाद वह पैसा कमाने लगे थे, जिसके चलते उन्हें अलग होना पड़ा।
सदन में सीएम नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव पर लगाया पैसा कमाने का गंभीर आरोप, बोले- ‘गड़बड़ करने लगा तो हमने छोड़ दिया’

पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को सदन में उस वक्त माहौल गरमा गया जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीधे तौर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा दिए। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए सीएम नीतीश कुमार ने तेजस्वी की ओर इशारा करते हुए कहा कि जब तक वह उनके साथ थे, तब तक ठीक थे, लेकिन बाद में गड़बड़ करने लगे और पैसा कमाने में जुट गए।

मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष के बीच इस दौरान कई बार तीखी बहस देखने को मिली। नीतीश कुमार ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, “तुमको हम बनाए। जब पद मिला तो पहले ठीक था। बाद में गड़बड़ करने लगा। सब जगह पैसा कमाने लगा तो फिर छोड़ दिए।” सीएम के इस बयान पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने मेज थपथपाकर और तालियां बजाकर उनका समर्थन किया, जबकि तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के कई विधायक मुस्कुराते हुए नजर आए।

‘तुम्हारे माता-पिता के राज में क्या था?’

नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में 2005 से पहले के राजद शासनकाल पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस दौर में बिहार में कोई काम नहीं हुआ था और शाम होते ही लोग डर के मारे घरों से बाहर नहीं निकलते थे। उन्होंने कहा, “तुम्हारा पिता सात साल में हट गया। जब हटा तो तुम्हारी माता जी को बना दिया।” सीएम ने दावा किया कि उनकी सरकार आने के बाद ही राज्य में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल और अस्पताल जैसे बुनियादी क्षेत्रों में व्यापक सुधार हुआ। जब विपक्ष ने इस पर हंगामा शुरू किया तो मुख्यमंत्री का गुस्सा तेजस्वी यादव पर फूट पड़ा।

सरकार की उपलब्धियां और भविष्य की योजना

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी गांवों और टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो चुका है। हर घर नल का जल और हर घर शौचालय जैसी योजनाएं जमीन पर उतरी हैं।

“लोगों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। सात निश्चय के तहत युवाओं को नौकरी और रोजगार देने पर सरकार काम कर रही है। अगले पांच सालों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा।”- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

नीतीश कुमार ने सामाजिक कल्याण योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों की पेंशन 400 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा, महिलाओं को रोजगार के लिए पूंजी उपलब्ध कराने और स्थानीय निकायों में आरक्षण देने जैसे कदम उठाए गए हैं।

केंद्र और पीएम मोदी का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास में सहयोग के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार पर काफी ध्यान देते हैं। जब भी वे बिहार आते हैं, योजनाओं का तोहफा देते हैं।” उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि अगले पांच वर्षों में बिहार देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा और सात निश्चय-3 के माध्यम से विकास के नए मानक स्थापित करेगा।