बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। RJD ने इस सीट से रेखा गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि रेखा गुप्ता पिछले विधानसभा चुनाव में भी RJD की प्रत्याशी थीं, लेकिन भाजपा के नितिन नबीन ने उन्हें बड़े अंतर से हराया था। अब उपचुनाव में RJD ने एक बार फिर रेखा गुप्ता दांव लगाया है।
RJD से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद रेखा यादव ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सबसे पहले पार्टी का आभार व्यक्त किया। रेखा गुप्ता ने कहा कि बांकीपुर वैश्व बाहुल्य क्षेत्र है। इस बार राष्ट्रीय जनता दल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर अपनी जीत दर्ज करेंगी।
प्रशांत किशोर और भाजपा को लेकर क्या बोलीं रेखा गुप्ता
प्रशांत किशोर की चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रशांत किशोर की पार्टी पहले भी बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि रणनीतिकार और राजनेता में बड़ा अंतर होता है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में है और इस बार भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चुनौती मिलेगी।
भाजपा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने भावनात्मक अपील करते हुए कहा, बांकीपुर की जनता पिछले करीब 40 वर्षों से एक ही पार्टी को देखती आ रही है। मैं बांकीपुर की बेटी और एक महिला होने के नाते आप सबसे केवल चार वर्ष का अवसर मांग रही हूं, ताकि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकूं।
रेखा गुप्ता को उम्मीदवार घोषित करने के बाद RJD ने भाजपा पर बोला हमला
RJD ने सोशल मीडिया फेसबुक पेज पर एक पोस्ट शेयर की है। जिसमें पार्टी ने भाजपा पर हमला बोला है। RJD ने कहा कि भाजपा पिछले 40 सालों से बांकीपुर की जनता को ठग रही है। राजधानी पटना की सीट होने के बावजूद यहां मूलभूत जन सुविधाओं का अधिक अभाव है। बारिश के मौसम में इस क्षेत्र का हाल बेहाल रहता है बल्कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और इस क्षेत्र के पूर्व विधायक, पूर्व नगर विकास मंत्री रहे है। इस बार क्षेत्र की जनता इन्हे अच्छा सबक सिखाएगी। परिवारवादी पार्टी से जनता अबकी पीछा छुड़ाएगी।
RJD ने कहा कि रेखा गुप्ता वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भी बांकीपुर सीट से पार्टी की उम्मीदवार रह चुकी हैं। पार्टी के अनुसार, क्षेत्र में उनकी लगातार सक्रियता, मजबूत जनसंपर्क और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। RJD ने बताया कि पार्टी के प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी और प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने रेखा गुप्ता के नाम की औपचारिक घोषणा की।
जनसुराज ने प्रशांत किशोर को बनाया उम्मीदवार
वहीं रविवार को जनसुराज पार्टी ने भी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। जनसुराज ने पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को मैदान में उतारा है। प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को मतगणना
बता दें कि बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई 2026 को मतदान होना है, जबकि 3 अगस्त 2026 को मतगणना होगी। अब सभी प्रमुख दलों की नजर इस दिलचस्प मुकाबले पर टिकी हुई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद यह सीट खाली हुई है।





