बिहार की सबसे प्रमुख विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सभी दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। जनसुराज पार्टी ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी ने प्रशांत किशोर के नाम पर मुहर लगाई है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद यह सीट खाली हुई है। पहले वे इसी सीट से भाजपा के विधायक थे।
रविवार को हुई जनसुराज पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया है कि पार्टी कोर कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पार्टी की ओर से बांकीपुर के उपचुनाव में प्रशांत किशोर उम्मीदवार होंगे। बता दें कि कई दिनों से प्रशांत किशोर के नाम को लेकर अटकलें चल रही थीं लेकिन अब स्थिति पूरी तरह साफ हो चुकी है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस सीट पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी बल्कि प्रशांत किशोर को समर्थन देगी। वहीं राष्ट्रीय जनता दल की ओर से उम्मीदवार को लेकर फैसले का इंतजार है।
बांकीपुर से उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रशांत किशोर का बयान
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज से उम्मीदवार घोषित किए जाने पर प्रशांत किशोर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने उन पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी का विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि राज्य में बदलाव लाने की हमारी लड़ाई जारी रहेगी। जब तक अगले पांच वर्षों में राज्य में अपेक्षित परिवर्तन नहीं आता, तब तक मैं लगातार जनता के बीच रहकर संघर्ष करता रहूंगा। हम इस फैसले को बिहार में एक नई तरह से राजनीति की शुरुआत के तौर पर देख रहे हैं। यह किसी का गढ़ नहीं है। यह बिहार के लोगों का गढ़ है। हमें उम्मीद है कि चीजें जरूर बदलेंगे।
तेजप्रताप यादव ने भी उतारा अपना उम्मीदवार
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल की ओर से बांकीपुर उपचुनाव में अपना उम्मीदवार उतारा है। तेज प्रताप यादव ने इस उपचुनाव में वीणा मानवी को टिकट दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने हालही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी थी।
30 जुलाई को होगा मतदान
जानकारी के लिए बता दें कि बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई 2026 को मतदान होना है, जबकि 3 अगस्त 2026 को मतगणना होगी। अब सभी प्रमुख दलों की नजर इस दिलचस्प मुकाबले पर टिकी हुई है। प्रशांत किशोर जरूरी चाहेंगे कि वे इस सीट को जीतें और राज्य में पार्टी का खाता खुले।
प्रशांत किशोर होंगे बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार। #PKforBankipur pic.twitter.com/EgGn4i9woR
— Jan Suraaj (@jansuraajonline) July 5, 2026





