
भागलपुर जिले के कहलगांव से बीजेपी विधायक पवन यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला मंगलवार, 5 अगस्त 2025 का है, जब विधायक कोर्ट जाने के रास्ते में कहलगांव-घोघा रोड पर जाम में फंस गए। समय की कमी होने पर उन्होंने एक बाइक सवार युवक से लिफ्ट ले ली। लेकिन इस दौरान बाइक पर पहले से दो युवक सवार थे। बाइक पर बैठे एक युवक ने विधायक से सीधा सवाल किया – “डबल इंजन की सरकार में रोड क्यों नहीं बनी?”
विधायक बोले – संवेदक नहीं मान रहा बात
विधायक पवन यादव सवाल सुनकर थोड़ा असहज जरूर हुए, लेकिन उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने कहा – “देखिए भाई, संवेदक (ठेकेदार) को दो साल से कह रहे हैं कि पहले पुल-पुलिया बना लो, लेकिन वह बात नहीं मानता है। अगर वो पहले पुल-पुलिया बना लेता, तो आज ये परेशानी नहीं होती।” उन्होंने आगे कहा कि “संवेदक को फिर से कहेंगे कि काम ठीक से करो।” इस जवाब के बाद वीडियो वायरल हो गया, जिसमें एक तरफ विधायक अपनी ही सरकार की कमजोरी स्वीकार करते दिख रहे हैं।
ट्रिपल लोडिंग और बिना हेलमेट पर भी उठे सवाल
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विधायक जिस बाइक पर सवार थे, उसमें पहले से दो युवक बैठे थे, और तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। ट्रिपल लोडिंग और बिना हेलमेट बाइक चलाने को लेकर भी लोग सोशल मीडिया पर तंज कस रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि “कानून बनाने वाले ही कानून तोड़ रहे हैं।” यह वीडियो फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर हो रहा है।
विपक्ष का हमला – “निकम्मी सरकार की पोल खुली”
वीडियो सामने आने के बाद आरजेडी और विपक्षी दलों ने बीजेपी और विधायक पवन यादव पर हमला बोला है। आरजेडी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा – “लिफ्ट लेकर अपनी ही निकम्मी सरकार की पोल खोल दी विधायक जी ने!” आरजेडी ने आगे लिखा – “जब हर परियोजना में आधी रकम कमीशन में जाती है, तो सड़क कैसे बनेगी?” पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि कहलगांव विधायक पर एनटीपीसी निर्माण कार्य में बाधा डालने और रंगदारी वसूली के भी आरोप पहले से हैं।
