
दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवा शुरू करने का एलान किया है। 20 सितंबर से दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लिए बसें चलेंगी। 1 सितंबर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है और अब निगम ने सभी रूट्स की समय-सारणी भी जारी कर दी है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग और टिकट की दिक्कत को देखते हुए इन बसों की मांग काफी ज्यादा रहने वाली है।
दिल्ली-हरियाणा रूट पर विशेष इंतजाम
दिल्ली जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए बीएसआरटीसी ने पटना, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, गया और दरभंगा से दिल्ली के आनंद विहार के लिए 65 बसों का संचालन तय किया है। ये बसें दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे के बीच रवाना होंगी। वहीं, हरियाणा जाने वालों के लिए 30 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। इन बसों में एसी सीटर और स्लीपर दोनों विकल्प उपलब्ध होंगे। निगम का कहना है कि त्योहारों के समय दिल्ली और एनसीआर रूट सबसे ज्यादा दबाव झेलते हैं, इसलिए यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
अन्य प्रमुख रूट्स की समय-सारणी
दिल्ली के अलावा अन्य बड़े रूट्स पर भी स्पेशल बसें तय की गई हैं। कोलकाता-पटना रूट पर शाम 6 बजे, रात 7:30 बजे और 8:30 बजे बसें चलेंगी। गाजियाबाद से पटना के लिए नॉन-एसी सीटर बस दोपहर 2 बजे और पटना से गाजियाबाद के लिए शाम 4 बजे उपलब्ध होगी। दिल्ली-गया रूट पर दोपहर 1:30 बजे, शाम 4 बजे और रात 9 बजे बसें दिल्ली से चलेंगी। गयाजी से दिल्ली के लिए दोपहर 3:30 और 4:30 बजे प्रस्थान होगा। वहीं, कोलकाता-गया रूट पर शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक बसें मिलेंगी और दिल्ली-पूर्णिया रूट पर दोपहर 1 बजे व सुबह 11 बजे सेवाएं होंगी।
किराए पर मिलेगी सब्सिडी और डिजिटल सुविधा
पटना-दिल्ली रूट के लिए सरकार ने सब्सिडी की भी व्यवस्था की है। एसी बस का किराया 1,873 रुपये है, जिसमें यात्री केवल 1,254 रुपये देंगे और बाकी 619 रुपये सरकार वहन करेगी। नॉन-एसी बस का किराया 1,527 रुपये तय हुआ है, जिसमें यात्री 1,133 रुपये देंगे। एसी स्लीपर बस की कुल कीमत 2,812 रुपये है, लेकिन यात्री सिर्फ 1,893 रुपये ही देंगे। सभी बसों में यूपीआई, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग से डिजिटल भुगतान की सुविधा होगी। 20 सितंबर से 30 नवंबर 2025 तक ये सेवाएं यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और सस्ती यात्रा सुनिश्चित करेंगी।
