नचनिया कहने पर भिड़ गए खेसारी लाल यादव; सम्राट चौधरी को दिया ऐसा करारा जवाब कि…

Bihar Assembly Election 2025: खेसारी लाल यादव छपरा से आरजेडी के प्रत्याशी हैं। उन्होंने सम्राट चौधरी को अपना बड़ा भाई बताया है। पढ़िए पलटवार करते हुए क्या कुछ कहा है।
नचनिया कहने पर भिड़ गए खेसारी लाल यादव; सम्राट चौधरी को दिया ऐसा करारा जवाब कि…

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले प्रदेश की सियासत में बयानबाजी का दौर चरम पर है। अब भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और राजद प्रत्याशी खेसारी लाल यादव भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। छपरा सीट से चुनाव लड़ रहे खेसारी ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के तंज का तीखा जवाब दिया है। दरअसल, सम्राट चौधरी ने हाल ही में खेसारी को “नाचने वाला” कहकर निशाना साधा था। इस पर खेसारी ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले सम्राट चौधरी अपने घर में झांकें और बताएं कि उन्होंने अपनी पार्टी में चार “नचनिया” को टिकट क्यों दिया है। उनके जवाब से यह साफ है कि अब सियासी मंच पर भी खेसारी किसी से पीछे नहीं रहने वाले।

पहले अपने घर में झांकें सम्राट चौधरी

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के तंज पर खेसारी लाल यादव ने दो टूक कहा, “पहले सम्राट भैया अपने घर में झांककर देखें और बताएं कि उन्होंने अपनी पार्टी में चार नचनिया को टिकट क्यों दिया?” उन्होंने कहा कि कलाकार होना कोई शर्म की बात नहीं है, बल्कि कला के माध्यम से समाज को जोड़ने और जागरूक करने का काम होता है। खेसारी ने कहा कि अगर किसी को ‘नाचने वाला’ कहकर नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है, तो यह कला और कलाकार दोनों का अपमान है।

सम्राट भैया मेरे बड़े भाई जैसे

हालांकि, खेसारी लाल यादव ने यह भी कहा कि वे सम्राट चौधरी को अपना बड़ा भाई मानते हैं। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा, “सम्राट भैया मेरे बड़े भाई जैसे हैं, मुझे उनका आशीर्वाद चाहिए। वो जैसे घर और माहौल से आते हैं, वैसे ही बोलते हैं, लेकिन मेरी परवरिश और संस्कार ऐसे नहीं हैं कि मैं उनके बारे में कुछ गलत कहूं।” इस बयान से खेसारी ने यह संकेत दिया कि वे राजनीति में भले ही नए हों, लेकिन शालीनता और मर्यादा से समझौता नहीं करेंगे।

“मरते दम तक बिहार के विकास के लिए काम करूंगा”

खेसारी लाल यादव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बिहार का विकास है। उन्होंने कहा, “अब तक बिहार के किसी भी क्षेत्र में वास्तविक विकास नहीं हुआ है, इसलिए सब कुछ शुरुआत से करना होगा। हम मरते दम तक बिहार के विकास के लिए काम करेंगे और छपरा का चेहरा बदल देंगे।” जब उनसे पूछा गया कि जीतने के बाद क्या करेंगे, तो उन्होंने कहा, “अभी तो बहुत कुछ करना बाकी है, शुरुआत से शुरुआत करनी है।” भोजपुरी गानों में अश्लीलता के आरोपों पर उन्होंने कहा, “यह सिर्फ मनोरंजन है, मेरे गानों का राजनीति या विकास से कोई लेना-देना नहीं है।”

राजनीति में पूरी गंभीरता से उतरे खेसारी

बिहार की राजनीति में अब भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव की एंट्री ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। उनके बयान से साफ है कि वे इस बार राजनीति को सिर्फ शोहरत का मंच नहीं, बल्कि जनता की सेवा का जरिया मान रहे हैं। छपरा की जनता उन्हें एक कलाकार के रूप में भलीभांति जानती है, अब देखना यह होगा कि क्या वे नेता के रूप में भी उतना ही विश्वास जीत पाते हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews