बिहार की सियासत में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। राज्य के मंत्री संजय सरावगी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोलते हुए इस यात्रा को ‘पीएम-सीएम बनाओ यात्रा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की रक्षा के लिए नहीं बल्कि सत्ता हासिल करने की महत्वाकांक्षा के लिए निकाली जा रही है।


‘पीएम-सीएम बनाओ यात्रा’, विकास नहीं एजेंडा – सरावगी

संजय सरावगी ने दावा किया कि इस यात्रा का असली उद्देश्य राहुल गांधी को प्रधानमंत्री और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में मजबूत सरकार चल रही है। एनडीए जनता को राहत और विकास दोनों दे रही है, जिसमें 125 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं शामिल हैं।


जनता भ्रमित नहीं होगी, विपक्ष का ‘सूपड़ा साफ’ – मंत्री

मंत्री ने विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि बिहार की जनता विकास देख रही है। विधानसभा चुनाव में एनडीए भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। सरावगी ने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की और तेजस्वी यादव पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाया।


डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का भी कटाक्ष

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अराजकता फैलाने, संवैधानिक संस्थाओं का अनादर करने और बिहार में जंगलराज लाने की सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार बिहार को विकास की राह पर ले जा रही है, जबकि विपक्ष नकारात्मक राजनीति में उलझा हुआ है।