भिंड में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1 क्विंटल मिलावटी मावा जब्त, डेयरी का लाइसेंस सस्पेंड

भिंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी पर छापा मारकर 1 क्विंटल मिलावटी मावा और करीब 30 किलो तेल-वनस्पति का मिश्रण जब्त किया है। साथ ही, डेयरी संचालक का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है।
Bhind News

भिंड: दीपावली के त्योहार को देखते हुए मध्यप्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। विभाग की टीमें विभिन्न जिलों में छापेमारी कर मिलावटी खाद्य पदार्थों के नमूने ले रही हैं और मिलावट करने वालों पर शिकंजा कस रही हैं। ताजा मामला भिंड जिले से सामने आया है जहां खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुये 1 क्विंटल मिलावटी मावा जब्त किया है।

बता दें कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को जिले के ग्राम मसूरी में एक डेयरी पर छापा मारकर 1 क्विंटल मिलावटी मावा जब्त किया। विभाग की टीम ने निरीक्षण में पाया कि डेयरी में रिफाइंड पामोलिन तेल और वनस्पति घी मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। विभाग की टीम ने मौके से करीब 30 किलो तेल और वनस्पति का मिश्रण भी जब्त किया। इसके अलावा, टीम ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुये डेयरी संचालक का लाइसेंस सस्पेंड कर​ दिया है।

तेल और वनस्पति से तैयार हो रहा था मावा

जानकारी अनुसार, त्योहारी सीजन में कलेक्टर पवन कुमार जैन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग जिलेभर में दूध और दुग्ध उत्पादों की जांच कर रही थी। इसी बीच, ग्राम मसूरी में संदीप सिंह भदौरिया की डेयरी पर भी जांच की गई। जहां खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर कई खामियां देखी। इसके अलावा, टीम ने देखा कि यहां तेल और वनस्पति के मिश्रण से मावा तैयार किया जा रहा है।

जिसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा डेयरी से दूध, तेल-वनस्पति के मिश्रण और तैयार मावा के नमूने लिये गये। रैपिड किट से जांच में मावा मिलावटी पाया गया। इसके बाद टीम ने 1 क्विंटल मावा जब्त कर कोल्ड स्टोर में सुरक्षित रखवा दिया है।

अन्य दो डेयरी से भी लिये दूध-पनीर-घी के सैंपल

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भिंड शहर में भी जांच अभियान चलाया। इस दौरान गौरी रोड स्थित विनोद डेयरी से पनीर, दूध और घी के भी सैंपल लिये गये। वहीं, किरार कॉलोनी स्थित अनुराधा डेयरी से पनीर, घी और सप्रेटा दही के सैंपल एकत्र किए गए। इनकी जांच रैपिड किट और चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से की गई।

आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: प्रशासन

विभाग के अनुसार, सभी सैंपल विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। प्रशासन का कहना है कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, प्रशासन ने अपील है कि इस प्रकार मिलावटी या नकली खाद्य सामग्री निर्माण की जानकारी मिलने पर तत्काल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों या संबंधित एसडीएम, तहसीलदार को सूचना दें।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews