
Patwari caught red-handed accepting bribe in Bhind
ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने भिंड जिले के एक पटवारी को किसान से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, किसान की कृषि भूमि के नामांतरण के बदले पटवारी रिश्वत की मांग कर रहा था, किसान ने इसकी शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की जिसके बाद टीम ने पटवारी को रंगे हाथ दबोच लिया
ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भिंड जिले की मेहगांव तहसील के ग्राम सरसेड में रहने वाले किसान राघवेंद्र बघेल ने पिछले दिनों एक शिकायती आवेदन दिया था जिसमें सिमार हल्के पर पदस्थ पटवारी संजय बघेल पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।
किसान राघवेंद्र बघेल ने बताया कि उसने पिछले दिनों उसने अपनी पत्नी आरती बघेल के नाम से एक कृषि भूमि (खेत) खरीदा था जिसका नामांतरण कराने के लिए उसने तहसील में आवेदन दिया था, वहां पदस्थ हल्का पटवारी संजय बघेल पहले तो फ़ाइल को टालते रहे फिर उन्होंने 30000/- रुपये की मांग की उसने देने से इंकार किया तो उन्होंने फ़ाइल लौटा दी।
खेत की जमीन के नामांतरण के लिए तीन महीने से कर रहा था परेशान
राघवेन्द्र ने बताया कि वो फिर गया और नामांतरण करने का अनुरोध किया और कहा कि नियम में इतने पैसे लगते ही नहीं हैं फिर आप क्यों मांग रहे हो, उसके बाद वे 10000/- रुपये में नामांतरण करने के लिए तैयार हो गए, लेकिन वो पटवारी को रिश्वत नहीं देना चाहता, शिकायत की लोकायुक्त पुलिस ने जांच की तो आरोप सही निकले।
जैसे ही रिश्वत हाथ में आई, लोकायुक्त टीम ने दबोचा
रिश्वत मांगे जाने के प्रमाण मिलने पर आज ट्रैप प्लान की गई, ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस की टीम पटवारी द्वारा बताये उसके घर के पास भिंड पहुंची, टीम ने रिश्वत की पहली क़िस्त के रूप में 5000 /- रुपये लेकर फरियादी किसान राघवेंद्र बघेल को पटवारी संजय बघेल के पास पहुंचाया और उसने जैसे ही रिश्वत की राशि दी उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

