
छतरपुर: दीपावली के त्योहार से पहले मध्यप्रदेश में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रदेशभर में लगातार कार्रवाई करते हुये पुलिस अवैध रूप से भंडारित और बिक्री के लिये रखे गये पटाखों को जब्त कर कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है। इसी बीच, छतरपुर जिले में भी पुलिस ने अवैध पटाखों को जब्त कर आरोपी पर मामला दर्ज किया है।
बता दें कि पुलिस एवं प्रशासन की टीम को जिले के गौरिहार क्षेत्र के ग्राम सरवई में सोमवार को एक रिहायशी भवन में स्टेशनरी सामान के साथ पटाखे मिले। टीम ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुये 1 लाख 50 हजार रुपये के अवैध पटाखे जब्त किये हैं। साथ ही, लाइसेंस नहीं मिलने पर मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
निचले तल में पेंट और ऊपरी तल पर रखे थे अवैध पटाखे
जानकारी अनुसार, एसडीएम गौरिहार विजय कुमार डेहरिया के नेतृत्व में टीम ने एक शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की है। वहीं, मकाल मालिक की पहचान बेला तालाब के पास कैलाशचंद्र चौरसिया (52), पिता बाबूलाल चौरसिया के रूप में हुई है। प्रशासन की टीम ने जब जांच की तो तीन मंजिला मकान के निचले तल में पेंट एवं अन्य सामान रखा हुआ था। ऊपरी तल पर स्टेशनरी के साथ अवैध पटाखे रखे थे।
बिना लाइसेंस मकान में रखा था पटाखों का जखीरा
वहीं, प्रशासन की टीम को मौके से 14 झाल, 19 कार्टून और पटाखों से भरा एक काउंटर मिला। जब्ती और पैकिंग की कार्रवाई के दौरान कुल 22 कार्टून और 19 बोरियां तैयार की गईं। अधिकारियों ने जब मकान मालिक से पटाखों के स्टॉक और बिक्री से संबंधित लाइसेंस मांगा तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद प्रशासन ने मकान मालिक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कराई है।
पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर प्रशासन सख्त
जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम, नायब तहसीलदार, सरवई आरआई, पटवारी और थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही कारोबारियों को चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से पटाखों का स्टॉक या बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
थाना सरवई क्षेत्र अंतर्गत कस्बा में प्रशासनिक एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध पटाखा संग्रह पर मारा छापा- 22 कार्टून एवं 19 बोरी में भरे विभिन्न प्रकार के ₹1,50,000 कीमत के छोटे-बड़े पटाखे जप्त
@mohdept @DGP_MP
@MPPoliceDeptt @JansamparkMP @igpsagarzone @DIGCHHATARPUR https://t.co/DCy7oBgYRt— SP Chhatarpur (@SpChhatarpur) November 2, 2026
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
