
नीमच: मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ चलाये जा रहे 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी-नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस दौरान मादक पदार्थ जब्त करने के साथ ही आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत, नीमच जिले की जीरन पुलिस ने अवैध डोडाचूरा की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा है।
जानकारी अनुसार, पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुये एक पिकअप से 275 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (कीमत 13 लाख 75 हजार रुपये) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 23 लाख 75 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी
जानकारी अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप के जरिये अवैध डोडाचूरा की तस्करी की जा रही है। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुलिस सहायता केंद्र हर्कियाखाल फंटा के पास फोरलेन रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध सफेद रंग की पिकअप (क्रमांक RJ 04 GC 3567) आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने पिकअप को रोका और वाहन की तलाशी। पुलिस का पिकअप से 275 किलो 610 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मौके से आरोपी मनीष पिता शिवनारायण दमामी (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल दूसरा आरोपी देवाराम पिता गोपाराम, जोकि राजस्थान का है, वह फरार है। जिसकी पुलिस तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थ के मुख्य स्रोतों और नेटवर्क के संबंध में आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है।
नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
