
नीमच: खाद्य सुरक्षा विभाग एवं प्रशासन की टीम ने सोमवार को खाद्य कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुये एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने शहर के शहर के बंगला नंबर 48, वर्मा कॉम्प्लेक्स स्थित फर्म ‘हनुमान चाट भण्डार’ पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभाग की टीम को मौके पर गंभीर अनियमितताएं मिली। जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुये दुकान का लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दुकान का शटर डाउन कराया गया।
बता दें कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा एवं संयुक्त जांच दल द्वारा जब दुकान मालिक राजेन्द्र कुमार पाराशर के प्रतिष्ठान ‘हनुमान चाट भण्डार’ का निरीक्षण किया तो गंदगी के बीच खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण और खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही थी। इसके अलावा, भट्टी और कढ़ाई के आसपास भीषण गंदगी देखी गई। साथ ही, उपयोग किये जा रहे तेल और बर्तनों की स्थिति भी मानकों के विपरीत पाई गई।
जांच के लिये 13 सैंपल लिए गए
बता दें कि खाद्य विभाग की टीम ने मौके से गुणवत्ता की जांच के लिये 13 खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिये हैं। विभाग की टीम ने सभी सैंपलों को जांच के लिये प्रयोगशाला भेज दिये हैं। जानकारी अनुसार, लहसुन सेव, लौंग सेव, बारीक सेव, दही, मिर्ची पाउडर, सरडा मिर्ची पाउडर, अमचूर खड़ा, सौंफ, धनिया खड़ा, राई, काली मिर्च-लौंग मिक्स खड़ा मसाला, बेसन और रिफाइंड सोयाबीन तेल के सैंपल लिये गये हैं।
19.5 किलोग्राम नमकीन नष्ट किया गया
वहीं, विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान पैकिंग किये गये नमकीन के पैकेटों पर किसी भी प्रकार की निर्माण तिथि, एक्सपायरी, बैच नंबर आदि नहीं मिली। जिसके बाद टीम ने मौके पर ही 250-250 ग्राम के कुल 78 पैकेट (लगभग 19.5 किलोग्राम नमकीन) नष्ट कराया गया।
फर्म का लाइसेंस सस्पेंड
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गंभीर अनियमिताएं, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लेबलिंग नियमों का उल्लंघन करने पर दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दुकान का शटर बंद करवाकर वहां नोटिस भी चस्पा कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर के अन्य खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
