दतिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 200 किलो मिलावटी मावा किया जब्त

दतिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 200 किलो मिलावटी मावे को जब्त किया है। मिल्क केक के परिवहन की जांच के दौरान मावा बरामद हुआ।
Datia News

भिंड: दीपावली के त्योहार को देखते हुये मध्यप्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों की जांच कर मिलावटी सामग्री जब्त की जा रही है और मिलावट करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी बीच, दतिया जिले में भी विभाग की टीम ने एक्शन लेते हुये भारी मात्रा में मिलावटी मावा जब्त किया है।

बता दें कि जिले में प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने 200 किलो (2 क्विंटल) मावा जब्त किया है। जानकारी अनुसार, इस मिलावटी मावे को रतनगढ़ माता मंदिर पर प्रसाद के रूप में बेचने की तैयारी थी लेकिन इससे पहले ही विभाग की टीम ने दबिश देकर इसे जब्त कर लिया।

मिल्क केक के परिवहन की जांच में मिला 200 किलो मिलावटी मावा

बता दें कि दतिया में आयोजित दीपावली दौज मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रतनगढ़ माता के दर्शन करने के लिये आते हैं। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य सामग्री की बिक्री को देखते खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी दौरान, संयुक्त टीम ने जब मिल्क केक के परिवहन की तलाशी ली तो उसमें से मिलावटी मावा मिला, जिसका वजन कुल 200 किलो था। विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुये पूरे मिलावटी मावे को जब्त कर लिया।

प्रशासन ने व्यापारियों को दिए सख्त निर्देश

प्रशासन ने मेले में प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों और खाद्य सामग्री का कारोबार करने वाले व्यापारियों को गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिये हैं। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में सेवढ़ा नायब तहसीलदार रामनरेश आर्य, रतनगढ़ माता मंदिर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक शुभांशु चौबे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सबिता सक्सेना शामिल रहे।

भिंड में भी मिलावटी मावा जब्त

बता दें कि रविवार को भिंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक्शन लेते हुये 100 किलो (1 क्विंटल) मिलावटी मावा जब्त किया था। विभाग की टीम ने जिले के ग्राम मसूरी में एक डेयरी पर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पाया कि डेयरी में रिफाइंड पामोलिन तेल और वनस्पति घी मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। टीम ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुये 1 क्विंटल मिलावटी मावा जब्त किया। इसके अलावा, मौके से करीब 30 किलो तेल और वनस्पति का मिश्रण भी जब्त किया। साथ ही, टीम ने डेयरी संचालक का लाइसेंस सस्पेंड कर​ दिया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews