Hindi News

आज होगा बिहार का मंत्रिमंडल विस्तार, गांधी मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह, PM मोदी भी रहेंगे मौजूद

Written by:Ankita Chourdia
Published:
लंबे इंतजार के बाद आज बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। दरअसल गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी पूरी हो चुकी है। PM मोदी भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।
आज होगा बिहार का मंत्रिमंडल विस्तार, गांधी मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह, PM मोदी भी रहेंगे मौजूद

इंतजार की घड़ियां आखिरकार खत्म हो गई हैं। आज गुरुवार को बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस बड़े आयोजन के लिए गांधी मैदान पूरी तरह से सज-धज कर तैयार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस समारोह में शामिल होने के लिए पटना पहुंचेंगे, जिसके चलते सुरक्षा के व्यापक और सख्त इंतजाम किए गए हैं।

दरअसल मंत्रिमंडल के नए सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आज दोपहर करीब सवा 12 बजे होगा। जिला प्रशासन ने इस भव्य आयोजन के लिए सुरक्षा, सुविधा और सुंदरता तीनों के व्यापक प्रबंध किए हैं। गांधी मैदान में जर्मन तकनीक से बना एक विशाल और वाटर प्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। इसी पंडाल में मुख्य मंच भी बनाया गया है, जहां मंत्री शपथ लेंगे।

करीब 25 हजार से ज्यादा कुर्सियों की व्यवस्था की गई

मुख्य मंच के सामने गणमान्य अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए 100 से अधिक सोफे लगाए गए हैं। वहीं, आम जनता के लिए करीब 25 हजार से ज्यादा कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। हालांकि, जिला प्रशासन का दावा है कि अगर लोगों की संख्या डेढ़ लाख तक भी पहुंचती है, तो उसके लिए पुख्ता इंतजाम मौजूद हैं। मुख्य मंच और उसके सामने के परिसर को चारों ओर से बैरिकेड कर सुरक्षित किया गया है। दूर बैठे लोगों को भी समारोह का सीधा प्रसारण देखने और सुनने के लिए जगह-जगह एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम लगाए गए हैं।

शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण फेसबुक, एक्स और यू-ट्यूब पर भी किया जाएगा। दोपहर 12 बजकर 10 मिनट से लोग अपने मोबाइल पर इसे लाइव देख सकेंगे। पंडालों के भीतर पंखे और कूलर भी लगाए गए हैं ताकि गर्मी से राहत मिल सके। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए चलंत जेनरेटर की व्यवस्था भी की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था बेहद पुख्ता की गई

आम जनता के लिए गांधी मैदान में प्रवेश के लिए छह गेट निर्धारित किए गए हैं, जिनमें गेट नंबर 5, 6, 7, 8, 9 और 10 शामिल हैं। मीडियाकर्मी गेट नंबर 11 से प्रवेश कर सकेंगे, जबकि शपथ ग्रहण करने वाले सदस्य और अन्य गणमान्य अतिथि गेट नंबर 12 से अंदर जाएंगे। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बेहद पुख्ता की गई है। इसके लिए जिला कंट्रोल रूम का नंबर 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।

प्रधानमंत्री समेत तमाम अतिविशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति को देखते हुए समारोह स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बुधवार को दिन में कई बार डाग स्क्वाड और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से मैदान के हर कोने की जांच की गई। मंच और दर्शक दीर्घा क्षेत्र को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने समारोह के सजीव प्रसारण में कोई बाधा न आए, इसके लिए बीएसएनएल से 100 एमबीपीएस की लीज लाइन भी ली है।

CM ने बीते दिन लिया जायजा

बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गांधी मैदान पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने डीएम डॉ. त्यागराजन को व्यवस्था में कोई कमी न रखने समेत कई निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने उन्हें मंच, पंडाल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर समेत भाजपा के कई विधायक और पदाधिकारी मौजूद थे।

बुधवार दोपहर हुई तेज बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की परीक्षा ले ली। बारिश के कारण पानी भरने और कीचड़ की समस्या से निपटने के लिए अधिकारी तुरंत मैदान में उतर गए। पटना सदर एसडीओ कृतिका मिश्रा, दानापुर एसडीओ अनिरुद्ध पांडेय, एडीएम शंभूनाथ झा, एडीएम आरके दिवाकर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी देर तक मौके पर डटे रहे। पानी निकासी, बालू डालने और वीवीआईपी पंडालों के सामने ईंट बिछाने का काम तेजी से कराया गया, ताकि कहीं भी अव्यवस्था न रहे। बाद में डीडीसी श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर और नगर आयुक्त यशपाल मीणा भी पहुंचे। पाइप के सहारे पानी निकालने के बाद बालू डलवा कर पूरी व्यवस्था शाम तक दुरुस्त कर दी गई, लेकिन रात में या सुबह फिर से वर्षा होने से व्यवस्था गड़बड़ा सकती है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews