
बिहार में 15 अगस्त से शुरू होने वाली पटना मेट्रो अब 15-20 दिन बाद शुरू होगी। मंत्री जीवेश मिश्रा ने सोमवार को बताया कि रेलवे विभाग के सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान कुछ सुरक्षा मुद्दे उठाए। इसके कारण उद्घाटन टालना पड़ा। जीवेश मिश्रा ने कहा कि जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।
नया शेड्यूल और ट्रायल रन
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मेट्रो सेवा अगले महीने शुरू होगी और पहला रूट खुल जाएगा। ट्रायल रन की समय सीमा 20 सितंबर 2025 तय की गई है। पटना में भारी बारिश के कारण मेट्रो के काम में भी देरी हुई। बारिश के चलते निर्माण और तैयारी समय पर पूरी नहीं हो पाई।
राहुल गांधी पदयात्रा पर टिप्पणी
जीवेश मिश्रा ने राहुल गांधी की बिहार पदयात्रा पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी बिहार आए हैं, इससे हमें फायदा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि पदयात्रा क्यों कर रहे हैं और तेजस्वी यादव के साथ मिलकर मुख्यमंत्री का निर्णय क्यों नहीं बताते। जीवेश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस राजद की बी-टीम जैसी भूमिका निभा रही है और राहुल गांधी को स्पष्टता लानी चाहिए।
एसआईआर और सुप्रीम कोर्ट टिप्पणी
बिहार एसआईआर से जुड़ी सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर भी मंत्री ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले का सम्मान होना चाहिए और इसे सभी को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संविधान की किताब जेब में रखते हैं लेकिन उसका पालन नहीं करते।
