
बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच माना जा रहा है, लेकिन इस बार कई नई पार्टियां और निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। इसी बीच तेज प्रताप यादव ने महुआ सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर आरजेडी के अंदर हलचल पैदा कर दी है। तेज प्रताप, जो कभी आरजेडी का अहम चेहरा थे, अब पार्टी से निष्कासित होकर खुद को एक नई राह पर खड़ा कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव का चौंकाने वाला बयान
तेज प्रताप की इस घोषणा पर उनके छोटे भाई और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का बयान हैरान करने वाला रहा। रविवार को मीडिया से बात करते हुए जब तेजस्वी से तेज प्रताप के चुनाव लड़ने के सवाल पर पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “कितनी पार्टी बनती है…”, इतना कहकर वे वहां से चले गए। उनके इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि आरजेडी इस मामले में सार्वजनिक तौर पर प्रतिक्रिया देने से बचना चाह रही है।
तेज प्रताप की चुनावी तैयारी और जन संवाद
तेज प्रताप यादव चुनावी मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। वे लगातार लोगों से मिल रहे हैं और बैठकें कर रहे हैं। बीते रविवार को उन्होंने मुजफ्फरपुर के बोचहां विधानसभा क्षेत्र में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब राज्य में सामाजिक न्याय, सामाजिक अधिकारों और सम्पूर्ण बदलाव को मजबूती देना जरूरी है। सोशल मीडिया पर अपनी बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने जनता से बदलाव की अपील की।
आज मैंने मुजफ्फरपुर के बोचहां विधानसभा क्षेत्र के बोरवारा में जन संवाद कार्यक्रम में हज़ारों की संख्या में आये हुए जनता-जनार्दन को संबोधित किया।
अब राज्य में सामाजिक न्याय, सामाजिक हक़ और सम्पूर्ण बदलाव को मजबूत करना है।#TeamTejPratapYadav #TejPratapYadav #Bihar pic.twitter.com/C3UwLX8jzL
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) July 27, 2025
महुआ सीट पर फिर से मुकाबला
तेज प्रताप यादव वर्तमान में हसनपुर से विधायक हैं। 2015 में वे महुआ सीट से आरजेडी प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीत चुके हैं। इस बार वे उसी सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं, जो वर्तमान में आरजेडी के पास है। इस सीट से अभी आरजेडी के विधायक मुकेश रोशन हैं। ऐसे में तेज प्रताप का मुकाबला न सिर्फ विपक्षी दलों से होगा, बल्कि आरजेडी के उम्मीदवार से भी होगा।
