BPSC 71st प्रीलिम्स: धांधली हो तो 48 घंटे में करें शिकायत दर्ज, आयोग ने जारी किया निर्देश

BPSC 71st प्रीलिम्स: धांधली हो तो 48 घंटे में करें शिकायत दर्ज, आयोग ने जारी किया निर्देश

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की प्रतिष्ठित 71वीं एकीकृत संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 13 सितंबर को आयोजित होगी। इस बार आयोग ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए कई नए कदम उठाए हैं। यदि परीक्षार्थियों को परीक्षा से संबंधित कोई आपत्ति या शिकायत है तो वे 48 घंटे के भीतर उसे दर्ज करा सकेंगे, लेकिन इसके लिए नोटरी से शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा। खास बात यह है कि आयोग ने परीक्षा केंद्रों के आवंटन में सॉफ़्टवेयर आधारित सिस्टम अपनाया है और महिला अभ्यर्थियों को नजदीकी जिला केंद्र देने की कोशिश की जाएगी। ई-प्रवेश पत्र 6 सितंबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे और परीक्षा केंद्रों पर जैमर व सीसीटीवी निगरानी होगी।


ई-प्रवेश पत्र समय पर डाउनलोड करें

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे 6 सितंबर से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsconline.bihar.gov.in पर लॉग इन करके अपना ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड करें। प्रवेश पत्र में आवंटित जिला का उल्लेख रहेगा। आयोग ने अपील की है कि अभ्यर्थी ई-प्रवेश पत्र सुरक्षित रखें और परीक्षा के दिन साथ लाना न भूलें।


परीक्षा केंद्रों का चयन सॉफ़्टवेयर से

परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि इस बार केंद्रों का आवंटन सॉफ़्टवेयर से किया जाएगा। खास तौर पर महिला उम्मीदवारों के लिए व्यवस्था की गई है कि उन्हें गृह जिला से सटे जिले में केंद्र मिले। करीब 90% महिला अभ्यर्थियों को नजदीकी जिलों में केंद्र दिया जाता है।


परीक्षा में प्रवेश का समय और नियम

  • परीक्षा केंद्र पर सुबह 9:30 बजे से प्रवेश शुरू होगा।

  • हर हाल में अभ्यर्थी को 11 बजे तक केंद्र में प्रवेश करना होगा।

  • 11 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

  • छात्रों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम एक घंटा पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।


निगरानी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

आयोग के सचिव सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया कि केवल लिखित आपत्ति पर ही कार्रवाई होगी। अफवाहों या मौखिक शिकायतों पर कोई संज्ञान नहीं लिया जाएगा।


शिकायत दर्ज करने का नया तरीका

परीक्षा से संबंधित कोई भी आपत्ति या शिकायत अभ्यर्थी को 48 घंटे के भीतर दर्ज करानी होगी। इसके लिए उन्हें नोटरी से शपथ पत्र देना होगा। आपत्ति जिला स्तर पर या सीधे बीपीएससी को ईमेल और अन्य माध्यम से भेजी जा सकती है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews