मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर जिले को दी ₹850 करोड़ की योजनाओं की सौगात, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में की बड़ी घोषणा

शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ मुजफ्फरपुर पहुंची जहां उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा की और करीब ₹850 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।
Nitish Kumar

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 16 जनवरी 2026 से अपनी बहुप्रतीक्षित ‘समृद्धि यात्रा’ शुरू की है। इस यात्रा के माध्यम से सीएम नीतीश विकास कार्यों की जमीनी हकीकत को परख रहे हैं और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी कर रहे हैं। इस दौरान शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को नीतीश कुमार की यात्रा मुजफ्फरपुर पहुंची जहां उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा की और करीब ₹850 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।

बता दें कि मुजफ्फरपुर में मुख्यमंत्री ने ₹194 करोड़ की लागत से 89 योजनाओं का शिलान्यास, ₹212 करोड़ की लागत से 47 योजनाओं का उद्घाटन, ₹447 करोड़ की लागत से 36 योजनाओं का कार्यारंभ किया एवं साथ ही जनसंवाद के माध्यम से जिलेवासियों को सरकार की चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिहार के हर कोने में तेज, संतुलित और समावेशी विकास के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजनाएं मुजफ्फरपुर में आधारभूत संरचना, रोजगार, शिक्षा और जनसुविधाओं को नई गति देंगी। यह यात्रा निश्चित ही जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने में मील का पत्थर साबित होगी।

लोगों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य

सीएम नीतीश कुमार ने जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के लोगों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य पर सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समृद्ध उद्योग एवं सशक्त बिहार के संकल्प के तहत सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। नए और बड़े उद्योगों को आकर्षित करने के लिए पैकेज और अनुदान दिए जा रहे हैं। बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू किया जाएगा, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने की शिक्षा और कृषि क्षेत्र में यह घोषणा

मुख्यमंत्री ने शिक्षा और कृषि क्षेत्र में घोषणा करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उन्नत शिक्षा, उन्नत भविष्य के लक्ष्य के तहत प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। साथ ही एक नई एजुकेशन सिटी का निर्माण भी किया जाएगा। वहीं कृषि क्षेत्र में गति लाने के लिए बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम की स्थापना की जाएगी। मखाना उत्पादन, डेयरी और मछली पालन को बढ़ावा दिया जाएगा।

सीएम ने की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

इसके अलावा सीएम नीतीश कुमार ने जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयसीमा एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री जी ने जन-संवाद कार्यक्रम में लोगों को संबोधित भी किए।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews