बजट 2026 को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया, बोले- यह बिहार के लिए सकारात्मक और देश के विकास को गति देने वाला

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट को देश और राज्य के लिए सकारात्मक बताया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी-सिलीगुड़ी रेल कॉरिडोर और नए जलमार्गों से बिहार को विशेष लाभ मिलेगा। सीएम ने इसे विकसित भारत की दिशा में एक प्रगतिशील और स्वागत योग्य कदम करार दिया है।
Bihar CM Nitish Kumar

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार के बजट को बेहतरीन बताते हुए इसका स्वागत किया है। उन्होंने इस बजट को बिहार के लिए सकारात्मक और देश के विकास को गति देने वाला बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है, जो प्रगतिशील और भविष्योन्मुखी है।

रेल कॉरिडोर और जलमार्ग से बदलेगी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने बजट में बिहार के लिए फायदेमंद प्रावधानों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की गई है, जिसमें वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर भी शामिल है। इस कॉरिडोर के बनने से बिहार को काफी फायदा होगा। इसके साथ ही, देश भर में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनाने की घोषणा से भी राज्य में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी। पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधाओं से उत्पादों के निर्यात में आसानी होगी।

रोजगार और औद्योगीकरण पर जोर

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बजट में महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना और बड़े टेक्सटाइल पार्क बनाने की घोषणा की गई है। उन्होंने सेमीकंडक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के समर्थन के ऐलान का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा, “इन कदमों से बिहार सहित देशभर के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश का आर्थिक विकास और तेज हो सकेगा।” बजट में पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की बात कही गई है, जिससे बिहार में औद्योगिक निवेश और आधारभूत संरचना को बढ़ावा मिलेगा।

शहरीकरण और शिक्षा को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में शहरों के विकास के लिए किए गए प्रावधानों से बिहार में शहरीकरण को नई गति मिलेगी। इससे शहरों में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके अलावा, देश के सभी जिलों में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों को काफी सहूलियत मिलेगी। अंत में उन्होंने एक बेहतर बजट पेश करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews