बिहार SIR को लेकर विपक्ष का हल्ला बोल, कांग्रेस-आरजेडी ने बताया ‘जुमला’, JDU ने दी सफाई

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा और चुनाव आयोग पर मतदाता हेरफेर का आरोप लगाया है। वहीं जदयू ने विपक्ष को ही लोकतंत्र में बाधा डालने का दोषी बताया है।
बिहार SIR को लेकर विपक्ष का हल्ला बोल, कांग्रेस-आरजेडी ने बताया ‘जुमला’, JDU ने दी सफाई

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) को लेकर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने इसे सीधा लोकतंत्र पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम हर योग्य मतदाता को सूची में शामिल करना है, ना कि मतदाताओं को बाहर करना। एसआईआर एक ऐसा कदम है, जो लोकतंत्र को कमजोर करता है।

कांग्रेस ने लगाया ‘वोट चोरी’ का आरोप

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एसआईआर को ‘वोट चोरी की कवायद’ करार दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में SIR के जरिए बीजेपी गठबंधन और चुनाव आयोग मिलकर जनता के वोट चुराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया।

SP ने बताया ‘धोखा’, निष्पक्षता की मांग

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी SIR का विरोध करते हुए कहा कि चुनाव से सिर्फ डेढ़ महीने पहले मतदाता सूची में बदलाव का मतलब है कि भाजपा धोखे की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम से चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो जाते हैं और चुनाव आयोग को इस पर पारदर्शिता बरतनी चाहिए।

इमरान और रामगोपाल का BJP पर हमला

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि BJP चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर बिहार में मतदाता सूची में हेरफेर कर रही है, जैसा कि पहले महाराष्ट्र में किया गया था। वहीं SP सांसद रामगोपाल यादव ने पूछा कि चुनाव से ठीक पहले यह कदम क्यों उठाया गया? उन्होंने कहा कि यह सारा मामला संदेह के घेरे में है और इसकी जांच होनी चाहिए।

JDU ने विपक्ष को ठहराया जिम्मेदार

विपक्ष के आरोपों पर जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि देश का नुकसान विपक्ष की वजह से हो रहा है। सदन नहीं चलने दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा को तैयार है, लेकिन विपक्ष केवल हंगामा कर रहा है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews