बिहार के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में कार्यरत संविदा डॉक्टरों और चिकित्सा शिक्षकों के लिए खुशखबरी है। स्वास्थ्य विभाग ने इन डॉक्टरों के मानदेय में भारी वृद्धि की है। मंगलवार, 8 सितंबर को इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने आदेश भी जारी कर दिए हैं। संशोधित मानदेय 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा। इस वृद्धि से सैलरी में 10 हजार से 27000 तक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
दरअसल, राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पतालों में संविदा पर कार्यरत प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, सीनियर रेजिडेंट, ट्यूटर और जूनियर रेजिडेंट के मानदेय में बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने वृद्धि का निर्णय लिया है।
इस फैसले के तहत अब प्राध्यापक को 2.07 लाख, सह-प्राध्यापक को 1.55 लाख, सहायक प्राध्यापक को 1.25 लाख, सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर को 1.15 लाख और जूनियर रेजिडेंट को 75 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। संशोधित नई दरें 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि हमारे चिकित्सा शिक्षक और रेजिडेंट डॉक्टर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान को सम्मान और प्रोत्साहन देना हमारी प्राथमिकता है। मानदेय में बढ़ोतरी से चिकित्सा महाविद्यालयों में योग्य और विशेषज्ञ मानव संसाधन को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार, उपरोक्त पुनरीक्षित मानदेय एक सितंबर से प्रभावी होगा। इस प्रस्ताव में प्राधिकृत समिति की अनुशंसा एवं सक्षम प्राधिकार का अनुमोदन प्राप्त है। विभाग द्वारा मानदेय की संशोधित दरों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित संस्थानों को दिए गए हैं।
मानदेय में वृद्धि
- संविदा पर कार्यरत प्राध्यापक का मानदेय 1,80,000 रुपये से बढ़ाकर 2,07,000 रुपये प्रतिमाह।
- सह-प्राध्यापक का मानदेय 1,35,000 रुपये से बढ़ाकर 1,55,000 रुपये प्रतिमाह ।
- सहायक प्राध्यापक का मानदेय 1,10,000 रुपये से बढ़ाकर 1,25,000 रुपये प्रतिमाह ।
- सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर का मानदेय बढ़ाकर 1,15,000 रुपये प्रतिमाह ।
- जूनियर रेजिडेंट का 65,000 रुपये से बढ़ाकर 75,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है।
राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पतालों में संविदा पर कार्यरत प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर एवं जूनियर रेजिडेंट के मानदेय में बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने वृद्धि का निर्णय लिया है।
अब प्राध्यापक को ₹2.07 लाख, सह-प्राध्यापक को ₹1.55…
— Nishant (@Nishantjdu81) September 8, 2026






