बिहार के बोधगया में तीन दिन के प्रवास के दौरान बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के आतंकियों ने भारत में निर्दोषों की हत्या की है, ऐसे देश से खेल क्यों हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा, “जिससे मेल नहीं उससे खेल नहीं।” साथ ही उन्होंने कहा कि यह देश सनातन परंपरा को मानने वालों के लिए दुर्भाग्य है कि हम खुद आराध्य का मजाक बना रहे हैं। उन्होंने कंपनियों पर भगवान की तस्वीर वाले उत्पादों पर रोक लगाने की मांग भी की।
धार्मिक मान्यता का मजाक
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सरस्वती कपूर जैसे उत्पादों में देवी की तस्वीर का इस्तेमाल कर उनका अपमान किया जा रहा है। कपूर का पैकेट इस्तेमाल के बाद कूड़े में चला जाता है, जिससे हमारी धार्मिक मान्यताओं का मजाक बनता है। उन्होंने हिंदू समाज से आग्रह किया कि ऐसे उत्पादों पर रोक लगाने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। सभी वकीलों से अपील की कि धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए कंपनियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह कदम आस्था को ठेस पहुंचने से बचाएगा और समाज को जागरूक करेगा।
गुरुकुलम पर ध्यान देने की जरूरत
शास्त्री ने कहा कि जहां मस्जिदों के पास मदरसे और चर्चों के पास स्कूल हैं, वहीं मठों के पास गुरुकुल नहीं हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि मदरसों को समर्थन देने की तरह वैदिक गुरुकुलम के लिए भी फोकस किया जाए। उन्होंने कहा कि हर मंदिर में गुरुकुलम होना चाहिए ताकि वैदिक परंपरा आगे बढ़े। आज की पीढ़ी को संस्कार, संस्कृति और वेद की जानकारी नहीं है। उन्होंने अस्पताल निर्माण के बाद अपने धाम पर गुरुकुलम शुरू करने की योजना भी बताई। इससे समाज में धार्मिक शिक्षा और परंपरा को बचाने में मदद मिलेगी।
हिंदू राष्ट्र वैचारिक क्रांति से बनेगा
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हिंदू राष्ट्र तब बनेगा जब हिंदू अपने आप पर गर्व करेगा। अभी भारत अघोषित रूप से हिंदू राष्ट्र है, लेकिन इसे घोषित रूप से बनाना है। इसके लिए पदयात्रा कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गाय माता हो, संत परंपरा बचे और आपस में झगड़े खत्म हों। उन्होंने साफ कहा कि मुसलमानों और ईसाइयों से दिक्कत नहीं है, असली समस्या अपने ही लोगों की लड़ाई है। अगर समाज में एकजुटता आए तो वैचारिक क्रांति के जरिए हिंदू राष्ट्र की स्थापना संभव है।




