
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पंचायत सचिव संदीप कुमार ने उनके खिलाफ अनुसूचित जाति जनजाति (SC-ST) थाने में शिकायत दर्ज कराई है। संदीप का आरोप है कि विधायक ने फोन पर गाली-गलौज की, धमकी दी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। सचिव के आवेदन पर पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
सचिव बोले- “जूते से मारने की बात कही”
संदीप कुमार ने कहा, “विधायक ने फोन पर मुझे प्रोटोकॉल सिखाते हुए जूते से मारने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि मुझे पहचानते क्यों नहीं, इसके लिए मेरे खिलाफ कार्रवाई होगी।” संदीप ने आगे कहा कि विधायक की बातों ने उन्हें डरा दिया है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं की जाती।
विधायक ने जताया खेद
ॉवायरल ऑडियो को लेकर विधायक भाई वीरेंद्र ने फेसबुक पर पोस्ट कर सफाई दी। उन्होंने कहा, “मेरे क्षेत्र के पंचायत सचिव के साथ मेरी कॉल रिकॉर्डिंग को जानबूझकर वायरल किया गया है। मैंने भले ही कड़े शब्द कहे, लेकिन सचिव ने न तो शिष्टाचार दिखाया, न ही जनता के कार्य में गंभीरता दिखाई। मुझे उस भाषा पर खेद है, लेकिन उसकी लापरवाही भी जिम्मेदार है।”
सचिव को कारण बताओ नोटिस
वहीं दूसरी ओर, वायरल ऑडियो के बाद मनेर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ने संदीप कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि सचिव का व्यवहार एक माननीय विधायक के प्रोटोकॉल के खिलाफ और एक सरकारी कर्मचारी के आचरण के विपरीत है। सचिव से 24 घंटे के अंदर लिखित जवाब मांगा गया है।
जांच में जुटी पुलिस, बयान दर्ज हो सकता है
इस मामले में अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अगर जरूरत पड़ी तो विधायक भाई वीरेंद्र का भी बयान दर्ज किया जाएगा। मामला अब राजनीतिक गलियारों से निकलकर कानूनी प्रक्रिया की ओर बढ़ गया है। सभी की नजरें जांच की दिशा और निष्कर्ष पर टिकी हैं।
