
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश, दोनों राज्यों में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
महाराष्ट्र में गढ़चिरौली में केस दर्ज
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शुक्रवार (22 अगस्त) को बीजेपी विधायक मिलिंद रामजी नरोटे की शिकायत पर तेजस्वी यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में आरोप है कि तेजस्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक पोस्ट किया। गढ़चिरौली थाने में IPC की धारा 196(1)(ए)(बी), 356(2)(3), 352, 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में पोस्ट की कॉपी को सबूत के तौर पर संलग्न किया गया है।
FIR registered against RJD leader Tejashwi Yadav in Maharashtra”s Gadchiroli for `objectionable” social media post on PM Modi
— Press Trust of India (@PTI_News) August 22, 2025
यूपी के शाहजहांपुर में भी मामला
तेजस्वी यादव के खिलाफ यूपी के शाहजहांपुर जिले में भी केस दर्ज हुआ है। यहां बीजेपी महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने सदर बाजार थाने में शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी की टिप्पणी न सिर्फ प्रधानमंत्री का अपमान है बल्कि देश की जनता के सम्मान को ठेस पहुंचाती है। शिल्पी ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विवादित पोस्ट में क्या था?
22 अगस्त को पीएम मोदी के गया दौरे से पहले तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक कार्टून शेयर किया था। इसमें प्रधानमंत्री को एक दुकानदार के रूप में दिखाया गया था और दुकान के बोर्ड पर लिखा था – “बयानबाजी की मशहूर दुकान”। इसके बाद तेजस्वी ने पोस्ट में लिखा – “आज गया में लगेगी झूठ और जुमलों की दुकान। प्रधानमंत्री जी बिना हड्डी की जुबान से झूठ और जुमलों का हिमालय खड़ा करेंगे। लेकिन बिहार की न्यायप्रिय जनता दशरथ मांझी की तरह इन झूठ के पहाड़ों को तोड़ देगी।”
आज गया में लगेगी झूठ और जुमलों की दुकान!
प्रधानमंत्री जी, गया में बिना हड्डी की जुबान से आज झूठ और जुमलों का हिमालय खड़ा करेंगे लेकिन बिहार के न्यायप्रिय जनता दशरथ मांझी की तरह उनके झूठ और जुमलों के इन विशाल पहाड़ों को तोड़ देगी।
11 साल अपनी और 20 वर्षों की एनडीए सरकार के 20… pic.twitter.com/X1KRhb80pY
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) August 22, 2025
चुनावी सियासत में नया मोड़
चुनाव से ठीक पहले तेजस्वी यादव के खिलाफ दर्ज एफआईआर ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। जहां बीजेपी ने इसे पीएम का अपमान बताया है, वहीं आरजेडी का कहना है कि यह जनता के मुद्दों को उठाने की सजा है। आने वाले दिनों में यह मामला चुनावी बहस का बड़ा मुद्दा बन सकता है।
