Hindi News

पटना एम्स में तकरार से तनाव: सुरक्षा गार्ड-जूनियर डॉक्टर के साथ विधायक चेतन आनंद की गर्मागर्मी

Written by:Deepak Kumar
Published:
पटना एम्स में तकरार से तनाव: सुरक्षा गार्ड-जूनियर डॉक्टर के साथ विधायक चेतन आनंद की गर्मागर्मी

पटना एम्स में बुधवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई, जिसमें बाहुबली पूर्व सांसद आनंद मोहन के बेटे और वर्तमान विधायक चेतन आनंद का अस्पताल के गार्ड और एक जूनियर डॉक्टर से विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई. आरोप है कि विधायक को करीब आधे घंटे तक एक कमरे में बंधक भी बनाया गया.

रात 12 बजे हुआ विवाद

घटना बुधवार रात लगभग 12 बजे की है. चेतन आनंद अपनी पत्नी आयुषी सिंह और समर्थकों के साथ एम्स पटना पहुंचे थे, जहां वे एक मरीज से मिलने गए थे. इसी दौरान अस्पताल के गार्ड और विधायक के बीच कहासुनी हो गई. बताया जा रहा है कि मामला इतना बिगड़ गया कि हाथापाई और गाली-गलौज होने लगी.

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

इस घटना को लेकर फुलवारीशरीफ थाने में दोनों तरफ से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. विधायक की पत्नी आयुषी सिंह ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि उनके पति के साथ एम्स के गार्ड और एक जूनियर डॉक्टर ने बदसलूकी की, गाली-गलौज किया और उन्हें कमरे में बंद कर दिया.
दूसरी ओर, एम्स प्रशासन ने भी पुलिस को एक आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस जांच में जुटी, कारण स्पष्ट नहीं

सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विधायक अपने समर्थकों के साथ मरीज से मिलने गए थे, इसी दौरान गार्ड से कहासुनी हुई. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान ले रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. जांच के बाद ही सही कारण सामने आएगा.

कौन हैं चेतन आनंद?

चेतन आनंद, बाहुबली पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह और सांसद लवली आनंद के बड़े बेटे हैं. लवली आनंद वर्तमान में जेडीयू से शिवहर की सांसद हैं. पिछले साल बिहार विधानसभा में नीतीश सरकार के फ्लोर टेस्ट के दौरान चेतन आनंद ने आरजेडी छोड़कर एनडीए का दामन थाम लिया था. फिलहाल वे एनडीए के विधायक हैं और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Deepak Kumar
लेखक के बारे में
तेज ब्रेकिंग के साथ सटीक विश्लेषण और असरदार लेखन में माहिर हैं। देश-दुनिया की हलचल पर नजर रखते हैं और उसे सरल व असरदार तरीके से लिखना पसंद करते हैं। तीन सालों से खबरों की दुनिया से जुड़े हैं। View all posts by Deepak Kumar
Follow Us :GoogleNews