
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कांग्रेस ने टिकट की दावेदारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बुधवार (13 अगस्त, 2025) को बिहार कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की ओर से गठित स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य प्रदेश के विधानसभा क्षेत्रों के संभावित उम्मीदवारों की योग्यताओं और दावेदारी की समीक्षा करना है।
पहले दिन 1500 दावेदारों ने दी अपनी दावेदारी
स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष पहले दिन बिहार के 19 जिलों के लगभग 1500 टिकट दावेदारों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। इस बैठक में अध्यक्ष अजय माकन, राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी, सांसद परिणीति शिंदे और कुणाल चौधरी मौजूद थे। बिहार के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए वर्तमान विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री और कांग्रेस के अन्य नेता अपनी-अपनी सीटों के लिए टिकट की मांग लेकर पहुंचे। ऑनलाइन आवेदन करने वाले कई दावेदारों ने ऑफलाइन भी अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
स्क्रीनिंग में चर्चा और संदेश
बैठक के दौरान उम्मीदवारों को पार्टी की ओर से संदेश भी दिया गया। अध्यक्ष अजय माकन ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बैठक में राहुल गांधी का संदेश सभी दावेदारों तक पहुंचाया गया। इस संदेश में मतदाताओं के अधिकार को सुरक्षित रखने और लोकतंत्र के महत्व पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि वोट के अधिकार को छीनने की कोशिश लोकतंत्र पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है और इसे रोकना सभी का कर्तव्य है।
गुरुवार को शेष जिलों की स्क्रीनिंग
बिहार कांग्रेस ने बताया कि प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर उचित उम्मीदवारों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी लगातार दो दिनों तक बैठक करेगी। बुधवार को 19 जिलों के दावेदारों की स्क्रीनिंग हुई। गुरुवार (14 अगस्त, 2025) को शेष 19 जिलों के टिकट दावेदारों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद कमेटी चयन प्रक्रिया पूरी करेगी और उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे। कांग्रेस का लक्ष्य है कि सभी योग्य और सक्षम उम्मीदवारों को पार्टी का टिकट दिया जाए ताकि चुनाव में मजबूती के साथ मुकाबला किया जा सके।
