
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार बदलाव यात्रा के दौरान एक बार फिर सत्ता और विपक्ष दोनों पर तीखे वार किए। सारण के अमनौर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा कि आखिर बिहार में पलायन कब रुकेगा और फैक्ट्री कब लगेगी।
फैक्ट्री और पलायन पर सवाल
कटसा के बावन बीघा मैदान में आयोजित ‘बिहार बदलाव जनसभा’ में प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता इतनी ताकतवर है कि बड़े-बड़े नेताओं को यहां आकर जवाब देना पड़ता है। उन्होंने पूछा कि जब गुजरात में फैक्ट्रियां लग रही हैं, तो बिहार क्यों पिछड़ा रह गया है? मोदी जी और अमित शाह यहां आकर वोट मांगते हैं, लेकिन पलायन और रोजगार पर कोई ठोस जवाब नहीं देते। उन्होंने मढ़ौरा की चीनी मिल का उदाहरण देते हुए कहा कि जब तक जनता इसके लिए वोट नहीं देगी, तब तक यह मिल शुरू नहीं होगी।
बीजेपी सांसद पर पलटवार
प्रशांत किशोर ने बीजेपी सांसद संजय जायसवाल पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि संजय जायसवाल जितना चाहें फड़फड़ाएं, लेकिन सच सामने आकर ही रहेगा। उन्होंने एलान किया कि शुक्रवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ‘चौथा किश्त’ जारी करेंगे, जिसके बाद विरोधियों की सारी दलीलें धराशायी हो जाएंगी। PK ने दावा किया कि जनता को सच्चाई समझ में आ रही है और अब बदलाव से कोई रोक नहीं सकता।
जनता से बड़े वादे
अमनौर की जनसभा में PK ने सारण की जनता से कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को 2000 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। जब तक सरकारी स्कूलों की हालत नहीं सुधरती, तब तक बच्चों की निजी स्कूलों की फीस सरकार भरेगी। साथ ही, बिहार के युवाओं को राज्य के भीतर ही 10-12 हजार रुपये की नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस साल की दिवाली और छठ बिहार की बदहाली की आखिरी होगी, क्योंकि अगले साल से 50 लाख युवाओं को अपने घर के पास ही रोजगार मिलेगा और पलायन खत्म होगा।
