जेल से विधानसभा पहुंचे JDU विधायक अनंत सिंह, CM नीतीश के पैर छूकर ली विधायक पद की शपथ

मोकामा से JDU के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को बिहार विधानसभा में शपथ ली। हत्या के एक मामले में बेऊर जेल में बंद अनंत सिंह भारी सुरक्षा के बीच सदन पहुंचे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
जेल से विधानसभा पहुंचे JDU विधायक अनंत सिंह, CM नीतीश के पैर छूकर ली विधायक पद की शपथ

पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को एक खास तस्वीर देखने को मिली, जब मोकामा से JDU विधायक अनंत सिंह शपथ ग्रहण करने के लिए सदन पहुंचे। चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में बेऊर जेल में बंद अनंत सिंह को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधानसभा लाया गया था।

सदन में प्रवेश करने के बाद अनंत सिंह सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास गए। उन्होंने झुककर सीएम नीतीश के पैर छुए और फिर कुछ देर तक हाथ जोड़कर उनके सामने खड़े रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री समेत कई अन्य सदस्य भी सदन में मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने स्पीकर प्रेम कुमार से हाथ मिलाया और विधायक पद की शपथ ली।

जेल में रहकर जीता चुनाव

अनंत सिंह पिछले करीब तीन महीने से पटना की बेऊर जेल में बंद हैं। उन पर बिहार चुनाव के दौरान जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या का गंभीर आरोप है। इसी मामले में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हालांकि, अनंत सिंह ने जेल में रहते हुए ही मोकामा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

कोर्ट से लेनी पड़ी शपथ ग्रहण की इजाजत

चुनाव परिणाम आने के बाद अन्य सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने पद की शपथ ले ली थी। लेकिन जेल में होने के कारण अनंत सिंह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सके थे। बाद में, उन्होंने शपथ लेने के लिए अदालत से विशेष अनुमति मांगी। कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद ही उन्हें मंगलवार को विधानसभा लाया गया।

माथे पर लंबा टीका लगाए अनंत सिंह ने विधानसभा से वापस बेऊर जेल जाने से पहले मीडिया से भी बात की। उन्होंने खुद को निर्दोष बताया।

“हम कांड में निर्दोष हैं… जांच चल रही है। हम निर्दोष हैं और न्याय मिलेगा।”- अनंत सिंह, JDU विधायक

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews