जेडीयू मंत्री का तंज: राहुल गांधी हैं ‘फ्यूज बल्ब’, बोले- जहां गए कांग्रेस वहीं हार गई

जेडीयू मंत्री का तंज: राहुल गांधी हैं ‘फ्यूज बल्ब’, बोले- जहां गए कांग्रेस वहीं हार गई

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ कर रहे हैं. उनकी इस यात्रा पर जेडीयू मंत्री श्रवण कुमार ने तंज कसते हुए उन्हें ‘फ्यूज बल्ब’ कहा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जहां भी चुनावी कैंपेनिंग करने जाते हैं, वहां कांग्रेस का सफाया हो जाता है. बिहार में भी उनकी मौजूदगी से गठबंधन को कोई फायदा नहीं मिलने वाला.

‘बिहार से होगा इंडिया गठबंधन का सफाया’

जेडीयू मंत्री ने दावा किया कि इस बार बिहार की जनता ने “2025 फिर से नीतीश” के नारे को स्वीकार कर लिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो पहले ही राज्य की राजनीति से गायब हो चुकी है और अब राहुल गांधी की वजह से उनका गठबंधन भी खत्म हो जाएगा. श्रवण कुमार ने कहा कि एनडीए एकजुट है और बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताया है.

एसआईआर पर विपक्ष को घेरा

मंत्री श्रवण कुमार ने विपक्ष की ‘वोट चोरी’ वाले आरोपों को भी झूठा करार दिया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जिस मुद्दे पर यात्रा कर रहे हैं, उसे वे खुद ठीक से समझते तक नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोगों को गुमराह करने के लिए झूठ बोल रहा है. उन्होंने एक वीडियो का ज़िक्र करते हुए कहा कि इसमें एक महिला ने स्वीकार किया है कि उसे झूठ बोलने के लिए कहा गया था कि उसका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है. यह साफ करता है कि विपक्ष सिर्फ भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है.

तेजस्वी यादव पर भी साधा निशाना

श्रवण कुमार ने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे राहुल गांधी को प्रलोभन दे रहे हैं कि उन्हें 2029 में प्रधानमंत्री बनाएंगे, जबकि “दिल्ली बहुत दूर है.” मंत्री ने कहा कि तेजस्वी की रणनीति सिर्फ बिहार विधानसभा चुनाव में अधिक सीटें हासिल करने की है. उन्होंने कहा कि जनता सब समझ चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए फिर से सत्ता में लौटेगा. नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे.

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews