
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर पार्टी के भीतर ‘जयचंदों’ का मुद्दा उठाकर सियासत गर्मा दी है। बीते मंगलवार को उन्होंने अपने छोटे भाई और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को चेतावनी दी थी कि उनके आसपास कई ‘जयचंद’ मौजूद हैं। अब बुधवार को तेज प्रताप ने दावा किया है कि उन्हीं में से एक ‘जयचंद’ अब बिहार छोड़कर भागने वाला है।
तेज प्रताप यादव का ताजा दावा
तेज प्रताप यादव ने बुधवार को एक्स (Twitter) पर एक पोस्ट डाली, जिसमें उन्होंने लिखा – “पांच जयचंदों में से एक जयचंद आज बिहार छोड़कर भागने वाला है। आज शाम पटना जंक्शन से अपने पूरे परिवार समेत भागने की तैयारी कर चुका है। जब चुनाव का समय आया तो मैदान छोड़कर भागना यह क्या दर्शाता है, यह जनता और मीडिया के भाई-बंधु ही तय करें।”
उनकी इस पोस्ट ने एक बार फिर सियासी हलचल बढ़ा दी है। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि वह किस नेता की ओर इशारा कर रहे हैं।
‘जयचंद मेरी नजरों से नहीं बच सकता’
तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि कोई भी जयचंद उनकी नजरों से बच नहीं सकता। उन्होंने कहा, “धीरे-धीरे बाकी जयचंदों का भी चेहरा और चरित्र सामने आएगा। भगवान के घर देर है लेकिन अंधेर नहीं। मीडिया के सभी साथियों से कहना है कि अलर्ट मोड पर रहिए, यह जयचंद पटना एयरपोर्ट, पटना जंक्शन या बस स्टैंड से भी भाग सकता है।” तेज प्रताप के इस बयान के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि वे आखिर किस नेता या शख्सियत पर निशाना साध रहे हैं।
पहले भी कर चुके हैं ‘जयचंद’ का जिक्र
यह पहला मौका नहीं है जब तेज प्रताप यादव ने ‘जयचंद’ शब्द का इस्तेमाल किया है। इससे पहले उन्होंने अपनी ही बहन अनुष्का के भाई आकाश यादव को ‘जयचंद’ बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि आकाश यादव और कुछ अन्य लोगों ने उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल कर उनका राजनीतिक करियर खत्म करने की कोशिश की। हालांकि उन्होंने दावा किया कि चाहे कितनी भी साजिश रच ली जाए, वह राजनीति में और मजबूती से आगे बढ़ेंगे।
