
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बिहार में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत गोपालगंज जिले में दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जिले में अब तक 10.5 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने वैध दस्तावेज जमा कर दिए हैं, जो कुल ड्राफ्ट वोटरों का 60% से अधिक है। हालांकि अभी भी सात लाख से अधिक मतदाता ऐसे हैं जिन्होंने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए हैं। यदि ये मतदाता 1 सितंबर तक प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं।
डीईओ ने दी चेतावनी, तय समय में करें दस्तावेज जमा
जिला निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने मंगलवार को बताया कि 1 अगस्त तक लगभग सात लाख लोगों ने दस्तावेज जमा किए थे, जबकि कुछ ही दिनों में यह संख्या 10.5 लाख के पार पहुंच गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष बचे 4-5 दिनों में सभी योग्य मतदाता भी दस्तावेज जमा कर देंगे। डीईओ ने स्पष्ट किया कि अंतिम तिथि के बाद भी आपत्ति दर्ज कराने और सुनवाई का अवसर मिलेगा, लेकिन समय पर दस्तावेज जमा करना जरूरी है ताकि नाम सूची से न कटे।
बीएलओ घर-घर जाकर कर रहे संपर्क
निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को निर्देश दिया है कि वे घर-घर जाकर योग्य मतदाताओं से संपर्क करें और उन्हें वैध दस्तावेज जमा करने के लिए प्रेरित करें। बीएलओ को कहा गया है कि निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीकृत 11 वैध दस्तावेजों में से एक दस्तावेज लेकर सिस्टम पर अपलोड कराएं। इस जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए बीएलओ ढोल बजाकर लोगों को सूचित कर रहे हैं, ताकि कोई भी मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
अब तक 3.10 लाख नाम हटाए जा चुके
अभियान के दौरान अब तक 3,10,363 नाम मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं। यह उन मामलों में हुआ है जहां मतदाता की पहचान या पात्रता की पुष्टि नहीं हो पाई। डीईओ ने कहा कि जिले में बिना सुनवाई किसी का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा और ऐसे मामलों की संख्या कुल मतदाताओं का 1 से 2 प्रतिशत से अधिक नहीं होगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि 1 सितंबर से पहले सभी योग्य मतदाता अपने दस्तावेज जमा कर लें, ताकि आगामी चुनावों में किसी को भी मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।
