
बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर तंज कसा। रविवार को मोतिहारी में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि लालू यादव के राज में राहुल गांधी बिहार आते तो उन्हें अपहरण का खतरा रहता। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार की सरकार ने राज्य में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया है, इसलिए राहुल गांधी और उनके सहयोगी अब आराम से बिहार में यात्रा कर सकते हैं।
बिहार अब सुरक्षित, यात्रा आसान
संजय जायसवाल ने कहा, “बिहार अब सुरक्षित हो गया है। राहुल गांधी और महागठबंधन के लोग अब अच्छे से यात्रा कर सकते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि ये लोग चाहे कितने भी सक्रिय हों, बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी और राज्य का विकास लगातार बढ़ेगा। सांसद ने बिहार के पर्यटन और विकास की उपलब्धियों को भी उजागर किया और इसे यात्रा की सफलता की वजह बताया।
अशोक चौधरी का बयान: भ्रम फैलाने की कोशिश
इस बीच, मंत्री अशोक चौधरी मोतिहारी पहुंचे और नरकटिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए लगभग 107 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि ये लोग यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि यहां के मतदाताओं के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को चुनाव में बिहार आना चाहिए था, अगर पहले आते तो राजद उनका ऊपर हावी नहीं रहता।”
विपक्ष और एसआईआर का विरोध
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावी वर्ष में निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने का निर्णय लिया। विपक्ष इसे लेकर विरोध कर रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर कथित ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया है। इसी आरोप को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में महागठबंधन के कई नेता बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य जनता को जागरूक करना और मतदाता सूची में हो रही कथित अनियमितताओं के खिलाफ आक्रोश दिखाना है।
