चुनाव से पहले मुकेश सहनी का बड़ा ऐलान; VIP पार्टी का पहला एजेंडा हुआ जारी

चुनाव से पहले मुकेश सहनी का बड़ा ऐलान; VIP पार्टी का पहला एजेंडा हुआ जारी

बिहार में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और राजनीतिक पार्टियां अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। इस बीच विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने चुनाव से पहले सीट शेयरिंग पर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने सोमवार (28 जुलाई 2025) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि उनकी पार्टी इस बार 60 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बाकी सीटों पर हमारे सहयोगी दल अपने प्रत्याशी उतारेंगे। सहनी ने इस घोषणा को VIP का पहला चुनावी एजेंडा बताया।

— Mukesh Sahani (@sonofmallah) July 28, 2025

मुकेश सहनी के इस बयान से महागठबंधन के भीतर हलचल तेज हो गई है। इस बार VIP पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और महागठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। ऐसे में सहनी का 60 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान सीट शेयरिंग पर खींचतान का संकेत देता है। सहनी को ‘सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से भी जाना जाता है और उनका मल्लाह व पिछड़ा वर्ग के बीच मजबूत प्रभाव माना जाता है।

पहले तेजस्वी यादव के साथ दिखाई थी एकजुटता

इससे पहले मुकेश सहनी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बिहार चुनाव को बॉयकॉट करने के फैसले के समर्थन में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि तेजस्वी उनके छोटे भाई जैसे हैं और वे जो भी निर्णय लेंगे, वे उसके साथ खड़े रहेंगे। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से चुनाव से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की थी।

“लोकतंत्र की हत्या” का आरोप

VIP प्रमुख ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है, लेकिन अगर आयोग पक्षपात करके किसी खास पार्टी को सत्ता में लाने की कोशिश करेगा तो यह लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा था कि ऐसी स्थिति में चुनाव कराने का कोई मतलब नहीं है। सहनी का यह बयान उस समय आया था, जब विपक्षी दल चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे थे।

सियासी समीकरण बदलने के संकेत

VIP के 60 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान ने न केवल महागठबंधन में सीट बंटवारे की चर्चा को हवा दी है बल्कि बिहार के सियासी समीकरणों में भी हलचल मचा दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि महागठबंधन इस नई स्थिति से कैसे निपटता है और आगे की रणनीति क्या होगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews