Hindi News

पटना कोचिंग फायरिंग केस: खान सर की बढ़ी मुश्किलें, आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज, पुलिस करेगी पूछताछ

Written by:Ankita Chourdia
Published:
पटना में दो कोचिंग संस्थानों की लड़ाई में अब खान सर भी मुश्किलों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस कभी भी पूछताछ कर सकती है।

बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हो गया है। पटना में दो कोचिंग संस्थानों को लेकर चल रही लड़ाई के बीच खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने खान सर के दिए बयान के आधार पर यह केस पटना के कदम कुआं थाने में दर्ज किया है। यह कार्रवाई दो दिन पहले उनके कोचिंग सेंटर खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) संस्थान में हुई तोड़फोड़, पथराव और फायरिंग की घटना के बाद की गई है।

खान सर पर आरोप है कि उनके सिक्योरिटी गार्ड ने गोली चलाई थी। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम खान सर से किसी भी समय पूछताछ कर सकती है।

क्या है पूरा मामला?

मंगलवार की देर रात खान ग्लोबल कोचिंग पर हमला हुआ था। इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट हुई। कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ और पथराव भी किया गया था। हालांकि, खान कोचिंग सेंटर के कर्ताधर्ता फैजल खान उर्फ खान सर ने पहले दावा किया था कि उनके सामने ही बगल के कोचिंग सेंटर वालों ने फायरिंग की है।

बाद में खान सर अपने इस बयान से पलट गए थे। इस पूरे मामले में तब एक नया मोड़ आया जब जांच में यह पता चला कि घटना के दिन खान कोचिंग सेंटर के दो गार्डों ने ही राइफल से फायरिंग की थी। ये गार्ड उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी प्रदीप कुमार और कासगंज निवासी कालेश्वर थे।

पुलिस ने दो गार्डों को किया गिरफ्तार

फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की राइफल भी जब्त कर ली है। पुलिस की पूछताछ में दोनों गार्डों ने स्वीकार किया है कि मारपीट, तोड़फोड़ और पथराव की घटना के बाद बचाव में उन्होंने हवाई फायरिंग की थी।

पुलिस ने दोनों राइफलों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा

पुलिस ने दोनों राइफलों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोप में कदम कुआं थाने में एक और एफआईआर दर्ज की गई है। फायरिंग के इस मामले में खान कोचिंग संस्थान के निदेशक फैजल खान से भी पुलिस ने पूछताछ की है। इसका मतलब है कि खान सर की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।

एक तरफ जहां ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक सहित 2 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, वहीं अब खान सर भी पुलिस के रडार पर आ गए हैं।

मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में दो गार्ड फायरिंग करते हुए दिख रहे थे। मंगलवार देर रात 15 से 20 लोगों ने कथित तौर पर खान सर के संस्थान में तोड़फोड़ की थी। उन्होंने परिसर पर पथराव भी किया था। यह संस्थान चर्चित शिक्षक फैसल खान, जिन्हें खान सर के नाम से जाना जाता है, संचालित करते हैं।

मामले में पुलिस की ओर से दिया गया बयान

शहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से कल एक बयान जारी किया गया था। बयान के अनुसार इस मामले में कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। बयान में यह भी कहा गया था कि जांच के दौरान पुलिस को एक कथित वीडियो मिला। इस वीडियो में 2 व्यक्ति हवाई फायरिंग करते दिख रहे थे। वीडियो के सत्यापन के बाद केजीएस से जुड़े 2 गार्डों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।

पुलिस ने बताया कि फायरिंग में जिन हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है, उन्हें जब्त कर लिया गया है। इन हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

खान सर पर लगा आरोप

इस घटना के तुरंत बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने फायरिंग करवाई है। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि केवल पुलिस जांच से ही हो सकती है। पटना पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के निदेशक सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

दूसरी ओर, प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के लोगों ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर ने स्वयं इस घटना की साजिश रची थी। गार्डों की ओर से कथित फायरिंग का वीडियो दिखाते हुए आदर्श नामक एक सदस्य ने दावा किया था कि खान सर ने फायरिंग की कहानी गढ़ी थी।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews