Hindi News

बीजेपी के सबसे कमजोर दुर्ग को साधने आ रहे हैं PM मोदी, समझें 48 सीटों का समीकरण?

Written by:Deepak Kumar
Published:
बीजेपी के सबसे कमजोर दुर्ग को साधने आ रहे हैं PM मोदी, समझें 48 सीटों का समीकरण?

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर राज्य के दौरे पर हैं। आज (22 अगस्त 2025) उनका गया और बेगूसराय में व्यस्त कार्यक्रम है। इस दौरान वे 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें थर्मल पावर प्लांट, सीवरेज नेटवर्क, कैंसर अस्पताल और महाब्रिज जैसी योजनाएं शामिल हैं। राजनीतिक रूप से भी यह दौरा अहम माना जा रहा है क्योंकि पीएम मोदी मगध और मुंगेर क्षेत्र की 48 विधानसभा सीटों को साधने का प्रयास करेंगे।


गया से 13,000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

पीएम मोदी का पहला पड़ाव गया है। यहां वे कई योजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें 6,878 करोड़ रुपये की लागत वाला बक्सर का 660 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट प्रमुख है। इसके अलावा मुंगेर में 523 करोड़ का सीवरेज नेटवर्क और एसटीपी तथा मुजफ्फरपुर में 385 करोड़ रुपये के होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का शुभारंभ होगा।


बेगूसराय में सिक्स लेन गंगा ब्रिज का उद्घाटन

बेगूसराय पहुंचकर पीएम मोदी सिमरिया सिक्स लेन गंगा ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। 1,871 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा। इसके चालू होने से प्रमुख शहरों के बीच की दूरी 100 किलोमीटर तक घट जाएगी और कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।


 चुनावी रणनीति – मगध और मुंगेर पर फोकस

चुनावी साल में पीएम मोदी का यह छठा बिहार दौरा है। इस बार फोकस मगध और मुंगेर रीजन की 48 विधानसभा सीटों पर है। 2020 के चुनाव में मगध की 26 सीटों में से 20 महागठबंधन ने जीती थीं। वहीं मुंगेर प्रमंडल में एनडीए ने 13 और महागठबंधन ने 9 सीटें जीती थीं। इस बार बीजेपी पिछली हार को जीत में बदलने की कोशिश कर रही है।


चुनावी माहौल में सियासी बयानबाजी तेज

पीएम मोदी के दौरे को लेकर महागठबंधन ने बीजेपी पर वादाखिलाफी और जुमलों की राजनीति का आरोप लगाया है। वहीं, एनडीए विकास कार्यों को चुनावी मुद्दा बनाकर जनता को लुभाने में जुटा है। दोनों ओर से बयानबाजी ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है।