
बिहार के सासाराम से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा का सोमवार (01 सितंबर, 2025) को राजधानी पटना में समापन हुआ। इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी पर हमला बोला और चेताया कि “एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम आ रहा है। वोट चोरी की सच्चाई पूरे देश के सामने आएगी। बीजेपी के लोग तैयार हो जाओ।” उनके इस बयान के बाद बिहार में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। इस यात्रा ने मतदाता जागरूकता बढ़ाने के साथ ही विपक्ष और केंद्र सरकार के बीच सियासी टकराव को भी नया आयाम दिया।
प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी के बयान पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी। मधुबनी में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “राहुल गांधी आएंगे तो मोदी जी को गाली देंगे, मोदी जी आएंगे तो राहुल गांधी को। इस बीच कोई यह नहीं बताएगा कि बिहार के युवाओं को रोजगार कैसे मिलेगा, पलायन कब बंद होगा और बच्चों की पढ़ाई कब सुधरेगी। जनता की रुचि सिर्फ इस बात में है कि बिहार में रोजगार और शिक्षा सुधार हो। युवाओं और गरीब परिवारों के हित को ध्यान में रखते हुए सच्ची राजनीतिक रणनीति बननी चाहिए।”
सीतामढ़ी और मधुबनी में जनसभा
सोमवार को प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के तहत सीतामढ़ी और मधुबनी में जनसभा करने पहुंचे। सीतामढ़ी के बाजपट्टी में उन्होंने जनता से बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के सभी पुरुष और महिलाओं को 2,000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी। साथ ही उन्होंने सरकारी स्कूलों में सुधार तक गरीब बच्चों को निजी अंग्रेजी मीडियम स्कूलों में पढ़ाई की सुविधा देने और फीस का भुगतान करने की बात कही। इस घोषणा ने आम जनता और युवा वर्ग में उत्साह बढ़ा दिया।
रोजगार और विकास का वादा
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। छठ के बाद 50 लाख युवाओं को जो घर-परिवार छोड़कर अन्य राज्यों में 10-12 हजार रुपये की मजदूरी करने जाते हैं, उन्हें बिहार में ही रोजगार प्रदान किया जाएगा। उन्होंने वादा किया कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी। यह घोषणा बिहार में पलायन रोकने, युवाओं को काम पर लगाने और शिक्षा सुधार के उद्देश्य से की गई है। उनकी यात्रा और जनसभाओं से यह संदेश गया कि रोजगार और विकास को ही प्राथमिकता दी जाएगी।
