
बिहार चुनाव नजदीक हैं और राजनीतिक माहौल चरम पर है। 22 अगस्त को भागलपुर में आयोजित विशाल जनसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद अब बिहार में भी वोट चोरी की कोशिश हो रही है, लेकिन जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
“आवाज अंधेरे में भी सुनाई देती है”
सभा के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। इस पर राहुल गांधी ने कटाक्ष करते हुए कहा, “लाइट काट देने से आवाज बंद नहीं हो सकती। यह आवाज अंधेरे में भी सुनाई देती है।” उन्होंने कहा कि यह आवाज जनता की है, जिसे कोई नहीं दबा सकता। मोदी सरकार लोगों के संवैधानिक अधिकारों को छीनने की कोशिश कर रही है, लेकिन बिहार की जनता अपने हक के लिए डटकर खड़ी रहेगी।
वोटर लिस्ट से नाम कटने पर सवाल
राहुल गांधी ने सभा में मौजूद एक नागरिक का जिक्र किया, जिसने बताया कि वह वर्षों से मतदान कर रहा है लेकिन इस बार उसका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है। राहुल ने सवाल उठाया कि इसमें जनता की गलती कहां है? उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला बताया और कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इसके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगा।
BJP और चुनाव आयोग मिलकर आपका वोट चोरी कर रहे हैं।
वो जानते हैं कि आपकी शक्ति, आपकी आवाज संविधान में है, आपके वोट में है।
यहां पर इन्होंने लाइट काट दी, ये सोचते हैं कि लाइट काटने से आवाज बंद हो जाएगी, लेकिन अंधेरे में आवाज बंद नहीं होती, आवाज सुनाई देती है।
महाराष्ट्र,… pic.twitter.com/9roLMPwtre
— Congress (@INCIndia) August 22, 2025
चुनाव आयोग पर आरोप
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को भी कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आयोग की जिम्मेदारी है कि हर नागरिक को मतदान का अधिकार मिले, लेकिन सरकार के दबाव में खेल हो रहा है। उन्होंने कहा कि न नरेंद्र मोदी और न ही चुनाव आयोग जनता के मताधिकार को छीन सकते हैं।
बदलाव के मूड में जनता
सभा में उमड़ी भीड़ को देखते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि यह जनसैलाब इस बात का सबूत है कि आगामी चुनाव में इंडिया गठबंधन भारी मतों से जीत हासिल करेगा।
