MP Manoj Jha: MP मनोज झा का बड़ा हमला; ट्रंप को बताया ‘विरोधाभासी’,PM मोदी को किया आगाह

MP Manoj Jha: MP मनोज झा का बड़ा हमला; ट्रंप को बताया ‘विरोधाभासी’,PM मोदी को किया आगाह

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना खास दोस्त बताया है। ट्रंप ने कहा कि वह हमेशा मोदी के साथ दोस्ती निभाएंगे। पीएम मोदी ने भी उनके बयान की सराहना करते हुए कहा कि यह भारत-अमेरिका संबंधों के लिए अच्छा संकेत है। लेकिन आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने ट्रंप की इस दोस्ती को “कारोबारी सौदेबाजी वाली नौटंकी” बताया। उन्होंने कहा कि ट्रंप अस्थिर और विरोधाभासी नेता हैं, जो कभी दोस्ती दिखाते हैं तो कभी व्यापार और कश्मीर जैसे मुद्दों पर भारत के खिलाफ बयान देते हैं। मनोज झा ने पीएम मोदी को सतर्क रहने की सलाह दी कि दिखावे पर भरोसा नहीं करना चाहिए।


‘कारोबारी सौदेबाजी वाली नौटंकी’

मनोज झा ने कहा कि ट्रंप की नीतियाँ असली कूटनीति नहीं बल्कि कारोबार आधारित सौदेबाजी हैं। उन्होंने कहा कि ट्रंप बार-बार युद्धविराम या अन्य मुद्दों पर बयान देते हैं, लेकिन उनके बयान भारत के हित में नहीं होते। उन्होंने उन मीडिया संस्थानों की भी आलोचना की जो ट्रंप के बयान पर ताली बजा रहे हैं। झा ने कहा कि भारत के लिए यह समझना जरूरी है कि ट्रंप की राजनीति व्यक्तिगत लाभ पर आधारित है, जिसमें आज भारत की जय जयकार और कल पाकिस्तान की तारीफ शामिल है। यह नीति दीर्घकालिक संबंधों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।


पीएम मोदी को दी चेतावनी

मनोज झा ने पीएम मोदी को आगाह करते हुए कहा कि ट्रंप के चमकदार बयानों को दोस्ती का नया संदेश नहीं मानना चाहिए। उन्होंने कहा कि असली विदेश नीति व्यक्तिगत शो-शा नहीं बल्कि संस्थाओं पर आधारित होती है। भारत को अमेरिका के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए दीर्घकालिक समझ और स्थिर नीतियों पर ध्यान देना होगा। ट्रंप की कूटनीति उनके ट्वीट्स जितनी ही अस्थिर है। मनोज झा ने कहा कि भारत को भावनाओं में बहकर नहीं बल्कि सोच-समझ कर रणनीति बनानी चाहिए ताकि देश के हित सुरक्षित रह सकें। अंत में उन्होंने लिखा – “जय हिन्द।”

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews